धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 27 अक्टूबर। केंद्रीय विद्यालय चर्रा में शाला विकास समिति की बैठक हुई। जिसमें शिखर सम्मान से नवाजे गए विख्यात चित्रकार बसंत साहू को खास तौर पर आमंत्रित किया गया। उन्होंने स्कूली बच्चों द्वारा बनाए चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए उन्हें कला साधना के बारे में जानकारी दी।
पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय कुरूद में आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी छात्र-छात्राओं की कलात्मक प्रतिभा को एक मंच प्रदान किया गया। दिव्यांग चित्रकार बसंत साहू ने प्रदर्शनी में लगी कलाकृतियों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि संघर्ष इंसान को मजबूत बनाता है, फिर चाहे वो कितना भी कमजोर क्यों न हो, आपको धैर्य और संघर्ष का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन कभी भी अपने सपनों से हाथ नहीं हटाना।
दिव्यांग होते हुए भी अपनी अद्भुत कलाकारी की बदौलत कला जगत में अपना नाम बना चुके बसंत ने विद्यार्थियों को मोटिवेट करते हुए कहा कि आपको अपनी उत्कृष्टता को निखारने एवं समर्थ होने के लिए संघर्ष कर आत्म-विश्वास और साहस के साथ आगे बढऩा होगा।
हर इंसान के अंदर एक खास शक्ति, सामथ्र्य होती है, जो हमसे नामुमकिन चीज भी करवा देती है। हमें अपने अंदर की इस शक्ति को पहचान उसे सही दिशा में इस्तेमाल करना होता है। हम दूसरे सफल लोगों को देखते हैं और भूल जाते हैं की उनके जैसा और उनसे बेहतर बनने की शक्ति हमारे अंदर भी है। कई बार रास्ता मालूम होने पर भी हम कदम आगे नही बढ़ाते अपनी शक्ति के साथ सही दिशा में बढ़ाया गया छोटा-सा कदम भी बड़ा बन जाता है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को स्वरचित बापू की पेंटिंग भेंट की।
मीटिंग की अध्यक्षता कर रहे एसडीएम दीनदयाल मंडावी ने भी बच्चों को चित्रकारी को देख उनका हौसला बढ़ाते हुए कहा कि चित्रकला केवल एक विषय नहीं बल्कि यह व्यक्तित्व के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
बीएमओ डॉ. यूएस नवरत्न ने भी बच्चों द्वारा बनाई पेंटिंग की सराहना की। प्राचार्य ग्लोरिया मिंज ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर शाला समिति से जुड़े सदस्य एवं शिक्षक उपस्थित थे।


