धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 21 अक्टूबर। बच्चों की शिक्षा दीक्षा को यदि बेहतर बनाना है तो समाज को बढ़ चढक़र सामने आना ही होगा। कोई भी समाज स्कूल से मुँह मोडक़र तरक्की नहीं कर सकता। इस बात को भली भाँति जाना एवं समझा है सिंगपुर हतथा आसपास के नवयुवकों ने। यही कारण है कि अब ये नवयुवक अपने गाँव के बच्चों की शिक्षा दीक्षा में खुलकर सहयोग कर रहे हैं।
नवयुवकों ने विद्यालय से जुडऩे एवं विद्यालय को सहयोग देने के लिये हमर संस्कृति, हमर धरोहर मंच का गठन कर स्वामी आत्मानन्द उत्कृष्ट विद्यालय सिंगपुर के प्राचार्य एवं शिक्षकों से मंच गठन के उद्देश्यों तथा मंच द्वारा स्कूली बच्चों की शिक्षा दीक्षा पर दिए जाने वाले सहयोग पर चर्चा की।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ व्ही पी चन्द्रा ने नवयुवकों के इस पहल का स्वागत कर एस एम डी के अध्यक्ष धनन्जय साहू,उपाध्यक्ष राधेलाल सिन्हा, एस एम डी के सदस्य अयूब खान, निर्मलकर, डॉ हेमंत साहू,सरपंच फणीश गंगा सागर तथा अन्य सदस्यों को नवयुवकों के पहल की जानकारी दी।
एस एम डी सी के सभी सदस्यों ने भी नवयुवकों के इस पहल का स्वागत किया। नवयुवकों के साथ विद्यालय प्रबंधन की मीटिंग हुई। इस मीटिंग में नवयुवकों ने अपने संकल्प को दुहराते हुए कहा कि वे लोग बच्चों की स्कूल से घर वापसी के बाद अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए कक्षा कार्य को न केवल पूर्ण कराएंगे अपितु घर घर जाकर स्कूली बच्चों की पढ़ाई की सतत निगरानी भी करेंगे। इस कार्य हेतु नवयुवक मंच के सदस्य वालिंटियर की भूमिका में होंगे जो बच्चों के पालकों से घर घर जाकर मिलेंगे तथा बच्चों की पढ़ाई लिखाई पर चर्चा कर होम वर्क भी सम्पन्न कराएंगे।
हमर संस्कृति,हमर धरोहर मंच द्वारा दायित्व का निर्वहन करते हुए विद्यालय में माध्यमिक तथा हायर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों के लिये निबंध,चित्रकारी तथा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन कर बच्चों को पालकों की बृहद उपस्थिति में पुरस्कृत भी किया।


