धमतरी

अटल स्टेडियम में 10 करोड़ खर्च, पर क्रिकेट खेलने की सुविधा नहीं, खिलाड़ी अपने पैसे से बनवा रहे विकेट
18-Oct-2024 2:06 PM
अटल स्टेडियम में 10 करोड़ खर्च, पर क्रिकेट खेलने की सुविधा नहीं, खिलाड़ी अपने पैसे से बनवा रहे विकेट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 18 अक्टूबर।
नेताओं के भाषण और अधिकारियों की फाईलों पे यकीन करें तो नगर खेल सुविधाओं के मामले में कब का आत्मनिर्भर हो चुका है। लेकिन खिलाडिय़ों की नजर से देखें तो मैदान आज भी कई बुनियादी जरूरतों के मोहताज हैं। व्यवस्था से निराश खिलाड़ी आपस में धनराशि का प्रबंध कर अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में क्रिकेट मैदान बनवा रहे हैं। 

ज्ञात हो कि पूर्व में यहां के कब्बड्डी, वालीबॉल, शतरंज, बैडमिंटन, मैराथन एवं क्रिकेट के मैदान से निकल कई अच्छे खिलाडिय़ों ने प्रदेश के बाहर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। कहने और दिखाने योग्य यहाँ के मैदानों में करोड़ों रुपए खर्च किए गए हैं। लेकिन अभी भी खिलाड़ी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। जबकि कुरुद खेल मैदान ने कई लोगों को सार्वजनिक जीवन एवं शासकीय नौकरी तक पहुंचाने में अहम रोल निभाया है। मौके बे मौके होने वाले आयोजनों में ऐसे लोग गाल बजाने में आज भी पीछे नहीं रहते। लेकिन क्रिकेट खिलाड़ी एक अदद टर्फ विकेट के लिए तरस रहे हैं। 

जबकि नगर पंचायत की फाईलें एक से अधिक बार टर्फ विकेट बनाने में खर्च हुई राशि का हिसाब अपने सीने में छिपाये पड़ी है। कुछ खिलाडिय़ों ने बताया कि पूर्व विधायक लेखराम साहू के समय एक दिन में ही टर्फ विकेट तैयार कराया गया था। वह भी अब रावण के पैरों तले आ गया है। पूर्व नपं अध्यक्ष रविकांत चन्द्राकर ने भी यहाँ विकेट बनवाया था। लेकिन खिलाडिय़ों की जरूरत फिर भी अधूरी है। 

वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष तपन चंद्राकर ने इस वर्ष के बजट सत्र में टर्फ विकेट बनवाने का प्रस्ताव पास किया था। इस बारे में उनका कहना है कि जबसे भाजपा सरकार आई है विकास का पहिया थम गया है। टर्फ विकेट का टेंडर हो गया है पर सरकार पैसे नहीं दे रही है। नया बैडमिन्टन कोर्ट का काम आधे से अधिक हो चुका है, लेकिन ठेकेदार को एक भी किश्त का भुगतान नही हुआ है। नेताओं के वादे पर एतबार कर थक चुके खिलाडियों ने सरकारी धन करीब दस करोड़ की लागत से तैयार अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में अपने खर्च से क्रिकेट खेलने लायक विकेट बनवा रहे हैं।
 


अन्य पोस्ट