धमतरी

महिलाओं व बच्चों को कानूनी जानकारी लेने किया प्रेरित
07-Sep-2024 9:06 PM
महिलाओं व बच्चों को कानूनी जानकारी लेने किया प्रेरित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 धमतरी, 7 सितंबर। कलेक्टर नम्रता गांधी, एसपी आंजनेय वाष्र्णेय, सीईओ जिला पंचायत रोमा श्रीवास्तव की उपस्थिति में जिला पंचायत सभाकक्ष में महिला केन्द्रित योजनाओं का मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन के संबंध में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक हुई। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में सामाजिक समावेशन एवं सामाजिक विकास शाखा के तहत संचालित परियोजनाओं के सुचारू रूप से क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में नेशनल रिसोर्स पर्सन (जेंडर रणनीति) ट्रांसफॉर्मिंग रूरल इंडिया अनु सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अधिकारी जगरानी एक्का सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने कहा कि महिलाओं द्वारा अपने ऊपर होने वाले जेंडर संबंधी भेदभाव एवं गंभीर घरेलू हिंसा को सामाजिक दृष्टिकोण के कारण सामान्य समझना, जिन्हें संवेदनशील करने की जरूरत है। महिलाएं घरेलू हिंसा के लिए शायद ही कभी बाहरी मदद मांगती हैं, बल्कि चुपचाप सहती रहती हैं। उनमें कानूनी जागरूकता की कमी है। इसलिए ‘‘संगवारी जेंडर रिसोर्स सेंटर’’ के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं एवं वंचित वर्ग को एक ही छत के नीचे एकीकृत सहयोग सेवाएं एवं मार्गदर्शन प्रदान करने की आवश्यकता है, जिससे ग्रामीण एवं वंचित वर्ग की महिलाएं जागरूक होकर अपने हक एवं अधिकार को जान सकें। कलेक्टर ने महिलाओं के साथ ही बच्चों को भी कानूनी जानकारी लेने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि जेंडर केन्द्रित दृष्टिकोण से क्षमतावर्धन किया जाए, ताकि ज्ञान और कौशल में वृद्धि हो सके और लैंगिक अवधारणाओं पर दृष्टिकोण में परिवर्तन लाया जा सके।

 पुलिस अधीक्षक ने भी महिलाओं को हर संभव मदद देने की बात कही। सीईओ जिला पंचायत रोमा श्रीवास्तव ने आगामी 7 दिवस के भीतर जनपद पंचायत धमतरी, कुरूद, मगरलोड, नगरी में ब्लॉक स्तरीय लाईन डिपार्टमेंट के साथ समन्वय बैठक का आयोजन करने तथा ब्लॉक स्तरीय जेंडर फोरम का गठन करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने जेंडर शपथ ली। शपथ में कहा गया कि हिंसा हर रूप में गलत है, हम हिंसा के खिलाफ आवाज उठाएंगे, महिलाओं को उचित सम्मान देंगे और उनके अधिकारों के लिए खड़े होंगे, अपने समुदाय की महिलाओं की आवाज बनेंगे, किसी भी महिला की आवाज को न दबाएंगे न दबने देंगे, महिलाओं को उनके हक के बारे में बताएंगे, उनके लिए सुरक्षित माहौल देंगे, हम महिलाओं का साथ देंगे, इस नई चेतना को उजागर करेंगे, न हिंसा करेंगे, न होने देंगे।


अन्य पोस्ट