धमतरी

अब तक 44 नेत्रदान, सर्वाधिक कुरुद के 17
04-Sep-2024 2:55 PM
अब तक 44 नेत्रदान, सर्वाधिक कुरुद के 17

8 तक चलेगा राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 4 सितंबर।
सिविल अस्पताल कुरूद में 25 अगस्त से 8 सितम्बर तक चलने वाले राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा मनाया जा रहा है। जिसके तहत अभी तक जिले में 44 लोग नेत्र दान कर चुके हैं। जिसमें से सर्वाधिक कुरुद विकासखंड के 17 नेत्रदानी शामिल हैं। 

धमतरी कलेक्टर नम्रता गांधी, जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.कौशिक के निर्देशानुसार जिला नोडल अधिकारी अंधत्व डॉ.जेएस खालसा, नेत्र सर्जन डॉ.राजेश सूर्यवंशी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ.यूएस नवरत्न, डॉ.जेपी दीवान, डॉ.हेमराज देवांगन के मार्गदर्शन में सिविल अस्पताल कुरुद में 39 वा राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया।

विकासखण्ड नोडल अधिकारी अंधत्व डॉ.क्षितिज साहू ने बताया कि अब तक धमतरी जिले में 44 लोग नेत्रदान कर चुके है जिसमे 30 धमतरी से एवं 14 अन्य जिले से है। जिसमें कुरूद विकासखण्ड के ग्राम भखारा से राजिम बाई साहू, रूखमणी पवार मंदरौद, सरजू साहू कोसमर्रा, प्रेमबति साहू सेमरा, अनुसुइया बाई, सुलोचना साहू दर्रा, पुनीत साहू चिवरी, महासिंग साहू संकरी, जगदीश बंजारे नारी, सुखिया बाई भैंसबोड, रामलाल साहू भैंसमुंडी, कमलेश्वरी साहू  राखी, बिसाहिन साहू कातलबोड, अंजलि साहू तर्रागोंदी, पारख शरण कोसमर्रा,बिशरी बाई मूरा, रामजी पटेल भखारा शामिल हैं। 

नेत्र चिकित्सक श्री साहू ने बताया कि नेत्रदान मृत्यु के बाद किया जाता है 6 घण्टे के अंदर नेत्रदान हो जाना चाहिए नेत्रदान लेने के लिए नेत्र विभाग की टीम घर पहुंचकर आंख निकालती है जो नि: शुल्क होता है। यदि किसी व्यक्ति ने नेत्रदान की घोषणा नही किया हो, फिर भी मरणोपरांत परिजन नेत्रदान कर सकते है। आंख के ऑपरेशन ,चश्मा पहनने वाले व्यक्ति ,डायबिटीज के मरीज भी नेत्रदान कर सकते है । नेत्रदान के लिए नजदीकी मेडिकल कालेज या जिला चिकित्सालय में सम्पर्क कर सकते है। एक व्यक्ति के  नेत्रदान से दो दृष्टिहीन दुनिया देख सकते है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से नेत्रदान करने और अपने परिवार व साथियों से भी नेत्रदान करवाने की अपील की। 
इस अवसर पर बीपीएम रोहित पांडेय, विकासखण्ड सहा नेत्रदान अधिकारी डॉ.लोमेश कुर्रे, वरिष्ठ नेत्र चिकित्सा सहा अधिकारी डॉ.प्रवीण टण्डन, डीके ठाकुर,राजकुमार साहू सहित मितानिन एवं अस्पताल स्टाफ उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट