धमतरी
पहचान छुपाने चेहरे को जलाया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 2 सितंबर। दुगली के जंगल में 7 महीने पहले 8 फरवरी को अधजली 33 वर्षीय जयंत्री नेताम की लाश पुलिस को मिली थी। इस अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने 1 सितंबर को देर-शाम करीब 5 बजे सुलझाई। हत्यारा पति ही निकला, जिसने चरित्र शंका में पत्नी को भतीजे के साथ मिलकर हत्या की। पहचान छुपाने चेहरे पर पेट्रोल से जलाने की कोशिश की।
एएसपी सुशील नायक ने बताया कि 7-8 फरवरी की दरम्यानी रात भोभला बहरा मारागांव सीसी रोड से करीब 20 मीटर अंदर अज्ञात महिला की लाश मिली थी। शव अधजला था। दुगली पुलिस को जांच में पता चला कि जयंत्री नेताम 6 फरवरी 2024 से गायब है।
आरोपी मनराखन नेताम ने बताया कि चरित्र शंका पर पत्नी जयंत्री को मारने भतीजे रामदेव सलाम के साथ योजना बनाई। फिर चाकू, पेट्रोल तथा जेक राड रखकर 7 फरवरी की सुबह जयंत्री को घुमाने के बहाने ले गया। रामदेव सलाम भी था। मोहगांव से कांकेर, नरहरपुर होते दुगली जंगल पहुंचे और जयंत्री नेताम के सिर में राड से मारा। घसीटते हुए सडक़ से कुछ दूर ले जाकर दोबारा जेक राड से सिर पर हमला किया। चाकू से उसके पेट व गले को काट दिया। घटनास्थल में गमछे को निशानी के तौर पर छोडक़र चाकू को घने जंगल में फेंककर फरार हो गए।
हत्यारों तक ऐसी पहुंची पुलिस
पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने छत्तीसगढ़ में संचालित समाधान पुलिस एप में सर्च किया। धमतरी समेत गरियाबंद, बीजापुर, सुकमा, कोंडागांव, कांकेर, जशपुर, बस्तर, राजनांदगांव, दंतेवाड़ा, कबीरधाम, महासमुंद, नारायणपुर, मोहला-मानपुर, सूरजपुर, बलरामपुर के गुम इंसान के हुलिया व पहनावे से मिलान किया गया। 15 जिलों का गुमशुदगी रिकॉर्ड खंगाला तक यह सफलता मिली।


