धमतरी
पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे मूल निवासी
छत्तीसगढ़ संवाददाता
धमतरी, 10 अगस्त। सर्व आदिवासी समाज ने शुक्रवार को जिला स्तरीय विश्व आदिवासी दिवस धमतरी में मनाया। गोंडवाना समाज भवन से शोभायात्रा निकाली, जिसमें पारंपरिक वेशभूषा में आदिवासी युवक-युवतियों ने रेला-पाटा, मांदरी नृत्य किया। विभिन्न गांवों से आंगा देव भी आए थे, जिन्हें देखने बड़ी संख्या में लोग जुटे।
मुख्य कार्यक्रम कृषि उपज मंडी में हुआ। मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा थे। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के मान सम्मान, एकजुटता, विकास दिखाने का दिन है। आदिवासी जल, जंगल, जीवन के सही मायने में रखवाले है। आदिवासियों के लिए संचालित योजनाओं पीवीटीजी विशेष पिछड़ी जनजाति के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शहरों की तरह अब गांवों में भी सुविधाएं दी जाएंगी। ऐसा अवसर एक दूसरे के साथ जुडने व जानने समझने के लिए होता है। एक दूसरे से जुड़ेंगे तो समाज के बारे में जानकारी मिलेगी, समस्या या सुझाव मिलेंगे जिससे समाज की बेहतरी के लिए रास्ते निकलेंगे।
उन्होंने कहा कि अपनी समस्या या बात रखने में संकोच न हो। अपनी बोली भाषा में भी बिना झिझक के समस्या या सुझाव के बारे में बता सकते हैं। समाज के विकास के लिए नवाचार पहल होनी चाहिए जिससे प्रशासन के सहयोग से आगे बढ़ाया जा सके। कार्यक्रम स्थल में लगे स्वास्थ्य, आयुर्वेद, आदिवासी विकास, स्कूल शिक्षा, कृषि, पशुधन, मछली पालन, वन, उद्योग, अंत्यवसाय विकास विभाग के स्टॉल का निरीक्षण किया। आदिवासी समाज की ओर से प्रभारी मंत्री को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
समाज की 34 प्रतिभाओं का सम्मान
विश्व आदिवासी दिवस पर अतिथियों के हाथों समाज की प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर के 34 लोगों का सम्मान हुआ। इनमें माइक्रो आर्टिस्ट भानुप्रताप कुंजाम, साइकिलिस्ट योगेश मरकाम, बीएमओ नगरी डॉ. डीआर ठाकुर, भोजराज नेताम, किसान बंशीलाल सोरी, विकास शांडिल्य, रूपराय नेताम, छात्र लोमेश कुमार, खिलाड़ी एकस्वी ध्रुव, डॉ. शारदा साहू, योगेश ध्रुव, मनीषा मंडावी, घनश्याम ध्रुव, मिताली नेताम, देविका ध्रुव, हिमांशी नेताम, दामिनी नेताम, ललेश्वर मरकाम, संजीता मरकाम, शीला ध्रुव, रामकिशुन नेताम समेत अन्य शामिल है।
प्रभारी मंत्री ने दिलाई हर घर तिरंगा की शपथ
विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने 9 से 15 अगस्त तक मनाए जाने वाले हर घर तिरंगा के तहत शपथ दिलाई। शपथ में कहा गया कि मैं शपथ लेता हूं कि मैं तिरंगा फहराऊंगा। हमारे स्वतंत्रता सेनानी और वीर सपूतों की आवाज का सम्मान करूंगा और भारत के विकास और प्रगति के प्रति स्वयं को समर्पित करूंगा।


