धमतरी
घर के सामने से मासूम लापता, तेंदुए के पंजे के निशान मिले,शिकार की आशंका
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 6 अगस्त। मेचका बस्ती के पास शिकारी के जाल में एक तेंदुआ बुरी तरह फंस गया था। तेंदुआ रस्सी तोडक़र भाग गया। अब जाल लगाने वाले अज्ञात शिकारी की खोजबीन शुरू हो गई है।
वन विभाग ने अज्ञात शिकारी के खिलाफ प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट दर्ज कर लिया है, वहीं मेचका से करीब 75 किमी दूर दुधावा बांध किनारे कोड़मुड गांव से करीब 3 वर्षीय कमार बच्चा 4 अगस्त की देर शाम से लापता है। 36 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। घर के आसपास तेंदुए के पंजे के निशान मिले हैं। आशंका है कि बच्चे को तेंदुआ उठाकर ले गया है।
दुधावा बांध किनारे धमतरी-कांकेर जिले की सीमा पर जैतपुर के आश्रित गांव कोड़मुड है। सिहावा थाना प्रभारी उमाकांत तिवारी ने बताया कि 3 साल का एक कमार बच्चा 4 अगस्त को शाम करीब 7 बजे से लापता है। वह खाना खाकर घर के बाहर खेल रहा था। इसके बाद से गायब है। बच्चा जहां खेल रहा था वहां तेंदुए के पंजे के निशान मिले हैं, इसलिए ग्रामीणों को आशंका है कि तेंदुए ने शिकार किया है।
वन विभाग की टीम के साथ पुलिस ने सोमवार को देर शाम तक लापता बच्चे को ढूंढने हर संभव प्रयास किया, लेकिन 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है।
वहीं सीतानदी-उदंती अभयारण्य के उप संचालक वरुण जैन ने बताया कि तेंदुआ शिकारी जाल में फंसा था। अज्ञात शिकारी ने मेचका स्थित तालाब किनारे जाल बिछाया था। अज्ञात के खिलाफ वन विभाग ने पीओआर दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद रिमांड पर व्यक्ति को भेजा जाएगा।


