धमतरी

महानदी-बालका में आई साल की पहली बाढ़, 2 नदियों के संगम पर बने एनीकट में 3 फीट चढ़ा पानी
16-Jul-2024 2:28 PM
 महानदी-बालका में आई साल की पहली बाढ़, 2 नदियों के संगम पर बने एनीकट में 3 फीट चढ़ा पानी

 इधर कम बारिश की संभावना के मद्देनजर दलहन, तिलहन और मिलेट्स के बीज की तैयारी 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 धमतरी, 16 जुलाई।
जिले में 24 घंटे से हो रही रूक-रूककर बारिश से कर्णेश्वर घाट स्थित 2 नदियों के संगम बालका और महानदी में साल की पहली बाढ़ आई है। दोनों नदियों के बीच बनी एनीकट के ऊपर लगभग 3 फीट पानी चढऩे से आवागमन पूरी तरह ठप रहा। बीते 24 घंटे में 39.4 मिमी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। 

इधर, वर्तमान में जिले में रूक-रूककर हो रही बारिश के मद्देनजर किसानों को खरीफ फसल में किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसलिए किसानों को धान के अलावा अन्य विकल्पों दलहन, तिलहन और मिलेट्स की खेती के लिए समय पर बीज उपलब्ध कराने और और इसकी विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश कलेक्टर नम्रता गांधी ने समय सीमा की बैठक में जल संसाधन, राजस्व, कृषि और संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए है। 

भारी बारिश का क्षेत्र दक्षिण छत्तीसगढ़
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी-तटीय उड़ीसा के ऊपर बना हुआ है। ऊपरी हवा का चक्रवात परिसंचरण 7.6 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है तथा यह ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है। 

द्रोणिका जैसलमेर, कोटा, गुना, दमोह, पेंड्रा रोड, संबलपुर, पूरी और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर निम्न दाब के केंद्र तक 1.5 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: दक्षिण छत्तीसगढ़ रहने के आसार हैं। एक निम्न दाब का क्षेत्र 19 जुलाई को उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बनने की संभावना है। 

बीते 24 घंटे में 39.4 मिमी हुई बारिश तहसील- बारिश मिमी में
कुरूद- 29.0
मगरलोड- 6.6
बेलरगांव- 93.0
नगरी- 84.7
धमतरी- 8.2
भखारा- 42.0
कुकरेल- 12.0
औसत- 39.4 
 


अन्य पोस्ट