धमतरी

चार महीने से उप स्वास्थ्य केन्द्र में लटक रहा है ताला
06-Jul-2024 2:31 PM
चार महीने से उप स्वास्थ्य केन्द्र में लटक रहा है ताला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 6 जुलाई।
ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार कर अधिक से अधिक लोगों को उपचार के दायरे में लाने सरकार द्वारा गांवों में हेल्थ सेंटर खोले गए हैं, लेकिन व्यवस्था में व्याप्त खामियों के चलते नागरिकों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। ऐसा ही एक मामला चरमुडिय़ा का है, जहां उपस्वास्थ्य केंद्र में चार माह से ताला लटक रहा है।

 कुरुद औद्योगिक क्षेत्र के उस पार बसे ग्राम पंचायत चरमुडिय़ा में बने उपस्वास्थ्य केंद्र में विगत चार महीने से तालाबंदी देख परेशान हो चुके विकास गोस्वामी, गुरुदेव महिपाल, राजेश कोसरिया राहुल बांधेकर आदि ग्रामीणों ने बताया कि पहले यहां एक स्वास्थ्य संयोजक यदाकदा आया करता था। लेकिन विभाग ने उसे प्रमोशन का लाभ देकर कहीं और भेज दिया। बाद में एक महिला सीएचओ ड्यूटी लगाई गई। लेकिन पिछले चार महीने से वो भी नहीं आ रही है। जिससे चलते ग्रामीणों को स्वास्थ सुविधा के लिए भटकना पड़ रहा है। 

इस बारे में सरपंच नीतू तेजेन्द्र तोडेकर ने बताया कि संबंधित अधिकारी को दो बार यहां का हाल बता दिया है, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। 
बीएमओ डॉ. यूएस नवरत्न का कहना है कि यहां पदस्थ महिला मातृत्व अवकाश पर हैं, जिसके चलते उप स्वास्थ्य केन्द्र बन्द पड़ा है। उच्चाधिकारियों से मार्गदर्शन लेकर कोई वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जाएगी। 

ज्ञात हो कि कुरुद विकासखण्ड में 41 उप स्वास्थ्य केन्द्र बनाए गए हैं। जहां की स्थिति चरमुडिय़ा जैसे ही है। इसके अलावा सिर्री, चटौद,नारी, परखंदा,जी-जामगांव, कोर्रा, कचना में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित है। इन हेल्थ सेंटरों में सीमित संसाधन एवं स्टाफ के सहारे लोगों को कामचलाउ स्वस्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
 


अन्य पोस्ट