दन्तेवाड़ा
जनजातीय गौरव दिवस पर वीरों के संघर्ष और योगदान को किया याद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 23 नवंबर। जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन रविवार को दंतेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मेंढका डोबरा मैदान में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के प्रभारी मंत्री एवं दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में जनजातीय समाज के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान, संस्कृति और परंपराओं पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय समाज के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को देश के सामने लाने की पहल की है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के अनेक महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों ने देश, समाज और संस्कृति की रक्षा के लिए योगदान दिया, लेकिन इतिहास में उन्हें अपेक्षित स्थान नहीं मिला।
उन्होंने 17 नवंबर 1913 को मानगढ़ में संत गोविंद गुरु के नेतृत्व में हुए आंदोलन और वहां हुए जनजातीय समाज के बलिदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक प्रसंगों और जनजातीय नायकों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।
श्री कश्यप ने फिल्म आरआरआर के माध्यम से कोमाराम भीम और अल्लूरी सीताराम राजू के संघर्ष का उल्लेख किया। उन्होंने भोपाल रेलवे स्टेशन का नाम रानी कमलापति के नाम पर रखे जाने का भी जिक्र किया।
प्रभारी मंत्री ने जिले की सांस्कृतिक परंपराओं और मेला-मड़ई आयोजनों को संरक्षित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कलेक्टर को जिले के मेला-मड़ई आयोजनों के बेहतर प्रबंधन के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों को छत्तीसगढ़ के जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण कराया जाना चाहिए, ताकि वे जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और महापुरुषों के योगदान से परिचित हो सकें।
जनजातीय गौरव वाटिका विकसित करने के लिए वन विभाग को भी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। प्रस्तावित वाटिका में जनजातीय वीरों के संघर्ष और योगदान को प्रदर्शित करने की योजना है।
जनजातीय संस्कृति और परंपराओं पर दिया जोर
विधायक चैतराम अटामी ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराएं, लोककला, भाषा और जीवनशैली उसकी पहचान हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण, सामुदायिक एकता और सामाजिक समरसता से जुड़ी परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।
जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय महापुरुषों को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज का योगदान रहा है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान समारोह
कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति पर आधारित नृत्य, गीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
समारोह में पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती और डॉ. रामचंद्र गोडबोले को श्रीफल एवं शाल भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कृषि क्षेत्र में कार्य करने वाले किसानों और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले स्कूली विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ओजस्वी मंडावी, अरविंद कुंजाम, पायल गुप्ता, सुनीता भास्कर, संतोष गुप्ता, समाज प्रमुख, मांझी-चालकी, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, डीएफओ रामकृष्ण रंगनाथ वाय, जिला पंचायत सीईओ एम. भार्गव, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्कूली विद्यार्थी और नागरिक उपस्थित थे।