दन्तेवाड़ा

खेल भावना के साथ करें उत्कृष्ट प्रदर्शन-कश्यप
23-Nov-2026 9:53 PM
खेल भावना के साथ करें उत्कृष्ट प्रदर्शन-कश्यप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 23 नवंबर। जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक - 2026 का हाईस्कूल खेल मैदान, दंतेवाड़ा में आगाज रविवार को किया गया। वन व प्रभारी मंत्री दंतेवाड़ा केदार कश्यप ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने तीरंदाजी एवं बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर खेल स्पर्धाओं का आरम्भ किया।

इस अवसर पर श्री  कश्यप ने कहा कि बस्तर ओलंपिक ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, खेल के क्षेत्र में आगे बढऩे और नई पहचान बनाने के अवसर मिल रहे हैं।

खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि अनुशासन, एकता, सहयोग, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाडिय़ों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और खेल के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे बढऩे का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप प्रदेश में युवाओं को खेलों से जोडक़र उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जीवन में सफलता के लिए खेल, शिक्षा और शारीरिक स्वास्थ्य का समान महत्व है। युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, अनुशासन और संकल्प के साथ आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने बस्तर में बदलते परिवेश का उल्लेख करते हुए कहा कि शांति एवं सुरक्षा के बेहतर वातावरण से युवाओं के लिए नई संभावनाएं खुल रही हैं। खेल प्रतिभाओं को निखारने और बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए डीएमएफ तथा सीएसआर मद से भी प्रयास किए जा रहे हैं।

इस दौरान कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने ओलंपिक की विस्तृत जानकारी दी। जिले में बस्तर ओलंपिक हेतु इस वर्ष कुल 80,175 प्रतिभागियों का पंजीयन हुआ है, जिसमें 28,373 पुरुष एवं 51,802 महिला प्रतिभागी शामिल हैं। प्रतियोगिताओं में वास्तविक रूप से 18,551 खिलाडिय़ों ने भाग लिया, जिनमें 9,251 पुरुष एवं 9,300 महिला खिलाड़ी शामिल रहे। महिला एवं पुरुष खिलाडिय़ों की लगभग समान सहभागिता जिले में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह और जागरूकता को दर्शाती है। इस वर्ष बस्तर ओलंपिक में 11 खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

 

1 से 4 नवंबर तक आयोजित ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाडिय़ों सहित कुल 1,058 खिलाड़ी जिला स्तरीय आयोजन में भाग ले रहे हैं।

कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, ओजस्वी मंडावी, अध्यक्ष  नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद अध्यक्ष सुनीता भास्कर, संतोष गुप्ता,एस पी चंद्रमोहन सिंह, डीएफओ रामकृष्ण रंगनाथ वाय, सीईओ एम भार्गव और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट