दन्तेवाड़ा
लावारिस शवों के अंतिम संस्कार और पशु सेवा में भी योगदान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 23 नवंबर। बचेली निवासी फिरोज नवाब ने 21 नवंबर को 51वीं बार रक्तदान किया। वे पिछले 15 वर्षों से रक्तदान और अन्य सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की सहायता कर रहे हैं। बैलाडीला रक्तदाता ग्रुप के माध्यम से वे अपने सहयोगियों के साथ रक्त की आवश्यकता वाले मरीजों के लिए रक्तदाताओं की व्यवस्था करते हैं।
फिरोज नवाब के अनुसार, अस्पतालों में भर्ती गंभीर मरीजों और प्रसव के दौरान रक्त की जरूरत पडऩे वाली महिलाओं के लिए रक्तदाताओं की व्यवस्था करने का प्रयास किया जाता है। कई बार रात में भी जरूरतमंद परिवार उनसे संपर्क करते हैं।
उनके अनुसार, उन्होंने अब तक 500 से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया है और मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग किया है। बैलाडीला रक्तदाता ग्रुप के सामूहिक प्रयासों से अब तक 1000 से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किए जाने की जानकारी भी दी गई है।
लावारिस शवों के अंतिम संस्कार में सहयोग
रक्तदान के अलावा फिरोज नवाब लावारिस शवों के अंतिम संस्कार के कार्यों में भी सहयोग करते हैं। उनके अनुसार, वे अब तक दर्जनों लावारिस शवों के अंतिम संस्कार की व्यवस्था में भूमिका निभा चुके हैं। इसके अलावा चार शवों को मेडिकल कॉलेज में देहदान की प्रक्रिया से जोडऩे में भी सहयोग किया है।
उनका कहना है कि मृत्यु के बाद देहदान से चिकित्सा शिक्षा और शोध के क्षेत्र में सहायता मिल सकती है।
घायल और बेसहारा पशुओं की देखभाल में योगदान
फिरोज नवाब पशु सेवा के कार्यों से भी जुड़े हैं। वे गीतांजलि सरकार द्वारा स्थापित एईसीएस के माध्यम से घायल, बेसहारा और जरूरतमंद पशुओं के उपचार एवं देखभाल संबंधी गतिविधियों में सहयोग करते हैं।
फिरोज नवाब का कहना है कि सामाजिक कार्यों में सामूहिक सहयोग की आवश्यकता होती है। बैलाडीला क्षेत्र में उनके साथ कई लोग रक्तदान और अन्य सामाजिक गतिविधियों में योगदान दे रहे हैं।
इनमें एटक सचिव जागेश्वर प्रसाद, इंटक अध्यक्ष चंद्रा मंडावी, सूरज जायसवाल, रोहिणी जायसवाल, देवाशीष पाल, प्रदीप गुप्ता, संजय सिंह, राकेश साहू, रोहित पटेल और प्रवेश जोशी सहित अन्य सहयोगी शामिल हैं।
फिरोज नवाब ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सामूहिक प्रयासों से जरूरतमंदों की सहायता के कार्य जारी हैं।
फिरोज नवाब ने युवाओं से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की है। उनका कहना है कि रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के उपचार में मददगार हो सकता है। उन्होंने समाजसेवा को पहचान बनाने के बजाय जरूरतमंदों की सहायता का माध्यम बताया।