दन्तेवाड़ा

समान नागरिक संहिता: उच्च स्तरीय समिति ने लिए सुझाव
18-Oct-2026 5:43 PM
समान नागरिक संहिता: उच्च स्तरीय समिति ने लिए सुझाव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 18 अक्टूबर।
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में नागरिकों के सुझावों को संकलित कर प्रारूप तैयार करने के उद्देश्य से शासन द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति के सदस्यों ने शनिवार को विभिन्न संगठनों से विचार - विमर्श किया।
 सदस्यों ने संयुक्त जिला कार्यालय भवन में दंतेवाड़ा जिला सहित सुकमा एवं बीजापुर जिले के सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ बैठक कर विस्तृत चर्चा की। बैठक में समिति के सदस्यों ने विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से समान नागरिक संहिता के संबंध में उनके विचार एवं सुझाव आमंत्रित किए।
बैठक में उच्च स्तरीय प्रारूप समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त आईएएस एमके राउत सहित समिति के सदस्य वरिष्ठ अधिवक्ता श्री मोहन पवार एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य ज्योति रानी सिंह और बस्तर संभाग के आयुक्त डोमन सिंह समेत कलेक्टर श्री देवेश कुमार धु्रव, जिला पंचायत सीईओ, एम भार्गव प्रमुख रूप से मौजूद थे।        
 बैठक में आयुक्त डोमन सिंह नें समिति के सदस्यों का परिचय कराया और समान नागरिक संहिता के प्रारूप निर्माण के लिए समूह चर्चा एवं जनपरामर्श की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों को समान नागरिक संहिता के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराते हुए बताया कि इस संबंध में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों सहित नागरिकों के विचारों और सुझावों को संकलित किया जा रहा है, जिससे प्रारूप तैयार करने की प्रक्रिया में विभिन्न वर्गों के दृष्टिकोण को शामिल किया जा सके।
 समिति द्वारा बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों से विवाह एवं तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार एवं विरासत तथा लिव-इन संबंधों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सुझाव मांगे गए।  इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी चर्चा में भाग लेते हुए समान नागरिक संहिता के विभिन्न पहलुओं पर अपने सुझाव रखे। 


अन्य पोस्ट