दन्तेवाड़ा
ऋ ण व डिजिटल भुगतान की दी जाएगी जानकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 14 जून। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के सफलतापूर्वक छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगरपालिका परिषद बड़े बचेली द्वारा 15 जून को लोक कल्याण मेले का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन पीएम स्वनिधि विशेष अभियान के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पथ विक्रेताओं, शहरी गरीबों एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को वित्तीय समावेशन, डिजिटल सशक्तिकरण तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोडऩा है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी.टी.एम. कृष्णा राव ने बताया कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में 1 जून से 30 जून तक स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत 15 जून को बड़े बचेली में नगर निकाय स्तर पर लोक कल्याण मेले का आयोजन होगा।
उन्होंने बताया कि मेले में हितग्राहियों को पीएम स्वनिधि योजना के तहत मिलने वाले ऋण, डिजिटल भुगतान प्रणाली तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। योजना के तहत प्रथम चरण में 15 हजार रुपये, द्वितीय चरण में 25 हजार रुपये तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपये तक का ऋ ण उपलब्ध कराया जाता है, जिससे छोटे व्यवसायियों और पथ विक्रेताओं को अपना व्यवसाय बढ़ाने में सहायता मिलती है।
नगरपालिका परिषद द्वारा अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए समाचार पत्रों, होर्डिंग्स, लाउडस्पीकर एवं जनसंपर्क माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। अधिकारियों ने अधिक से अधिक पथ विक्रेताओं, शहरी गरीबों एवं असंगठित श्रमिकों से इस मेले में शामिल होकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है। नगरपालिका परिषद का मानना है कि इस आयोजन से स्थानीय पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें डिजिटल लेन-देन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोडऩे में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।


