दन्तेवाड़ा

हजारों पर्यटकों को खींच रहा बारसूर
15-Jan-2026 10:00 PM
 हजारों पर्यटकों को खींच रहा बारसूर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 15 जनवरी। दंतेवाड़ा के मनोरम नैसर्गिक स्थान पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनते जा रहे है। इनमें बारसूर और मुचनार पर्यटकों के लिए सुरक्षित और रोमांचक पर्यटन स्थल के रूप में उभर रहे हैं।

अतुल्य दंतेवाड़ा अभियान अंतर्गत यहां एडवेंचर, प्रकृति और आध्यात्मिक पर्यटन का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। बारसूर और मुचनार में पर्यटकों को रोमांचक गतिविधियों का विशेष अनुभव मिल रहा है। यहां स्थापित जिले की सबसे बड़ी जिपलाइन रोमांच पसंद करने वाले सैलानियों के लिए मुख्य आकर्षण बन गई है। ऊँचाई से प्रकृति के बीच जिप लाइनिंग का अनुभव पर्यटकों को  यादगार पल प्रदान कर रहा है। नाईट कैंम्पिंग की सुविधा पर्यटकों को प्रकृति की गोद में ले जा रही है।

बारसूर अपने प्राचीन और भव्य मंदिरों के लिए भी प्रसिद्ध है। जहां आस्था और इतिहास का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ यहां की सांस्कृतिक विरासत पर्यटकों को बस्तर की समृद्ध परंपराओं से परिचित कराती है। वर्तमान में सातधार नदी अपने प्राकृतिक सौंदर्य और कल-कल बहते जल प्रवाह के कारण लोगों का मन मोह रही है। नदी के किनारे समय बिताना, प्रकृति को नजदीक से महसूस करना पर्यटकों के लिए एक विशेष अनुभव बन रहा है। प्रशासन द्वारा पर्यटन सुविधाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है, जिससे पर्यटक बिना किसी असुविधा के बारसूर और मुचनार की यात्रा कर सकें। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि दंतेवाड़ा को प्राकृतिक और रोमांचित करने वाले पर्यटन केंद्र के तौर पर विख्यात हो।


अन्य पोस्ट