दन्तेवाड़ा

संयुक्त खदान मजदूर संघ बचेली का नववर्ष मिलन समारोह
14-Jan-2026 10:18 PM
संयुक्त खदान मजदूर संघ बचेली का नववर्ष मिलन समारोह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 14 जनवरी। संयुक्त खदान मजदूर संघ, शाखा बचेली द्वारा रविवार को नववर्ष मिलन समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। यह आयोजन विगत 25 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। समारोह में बचेली परियोजना प्रमुख श्रीधर कोडाली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं पी. रामययण, परियोजना प्रमुख वर्क्स तथा महेश नायर, महाप्रबंधक मानव संसाधन विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

संघ के अध्यक्ष रवि मिश्रा एवं सचिव जागेश्वर प्रसाद ने कहा कि संयुक्त खदान मजदूर संघ हमेशा मजदूरों के हितों के साथ-साथ परियोजना के विकास हेतु प्रतिबद्धता से कार्य करता रहेगा। उन्होंने कहा कि श्रमिक और प्रबंधन के बीच सहयोग से ही किसी भी परियोजना की सफलता सुनिश्चित होती है।

 मुख्य अतिथि श्री कोडाली ने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कंपनी की आज की इस ऊँचाई के पीछे मजदूरों की अथक मेहनत, समर्पण और ईमानदार योगदान की अहम भूमिका है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2026 कंपनी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होने जा रहा है, क्योंकि इस दौरान चार प्रमुख उपलब्धियाँ हासिल होने की प्रबल संभावनाएँ हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कंपनी को नवरत्न से महारत्न का दर्जा प्राप्त हो सकता है। साथ ही डिपॉजिट क्रमांकदृ4 में नई परियोजना की शुरुआत, डिपॉजिट क्रमांकदृ13 का विकास तथा बचेली में पैलेट प्लांट स्थापना के प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने की भी पूरी संभावना है, जिससे कंपनी के साथ-साथ क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। संगीत एवं गीतों के साथ उपस्थित जनसमूह ने स्वादिष्ट रात्रि भोज का भी आनंद उठाया। समारोह के दौरान बचेली के समाजसेवी फिरोज नवाब, कुमारी नंदिनी दीक्षित, गीतांजलि सरकार, शत्रुघ्न साहू (स्नेक कैचर), गणेश बाघ, प्रवेश जोशी को उनके सामाजिक योगदान हेतु सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नगर निरीक्षक मधुनाथ धु्रव, गौरी शुक्ला, हनीसा बारसा, आनंद पाण्डेय, रामू राम, संजय सरकार, राजेश दुबे एवं शंकर जुमड़े की शानदार गीत प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन  आनंद पाण्डेय एवं  कीर्तन साहू द्वारा किया गया।

 इस दौरान परियोजना के सिविल विभाग के उपमहाप्रबंधक एसआर डहरिया, केपी बंसोड, सभी विभागाध्यक्ष, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, पत्रकार संघ के पदाधिकारी, संयुक्त खदान मजदूर संघ किरंदुल एवं बचेली के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में संघ के सदस्यगण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट