दन्तेवाड़ा

वेयरहाउस के चावल में फफूंद-इल्लियां!
01-Jan-2026 9:09 PM
 वेयरहाउस के चावल में फफूंद-इल्लियां!

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 1 जनवरी। दंतेवाड़ा जिले के गीदम स्थित वेयरहाउस कॉरपोरेशन के गोदाम में संग्रहित चावल की गुणवत्ता को लेकर सवाल सामने आए हैं। गोदाम में रखे कुछ चावल के बोरो की जांच के दौरान उनमें फफूंद और कीट पाए जाने की बात कही जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गीदम नगर में स्थित वेयरहाउस कॉरपोरेशन के गोदाम में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत हितग्राहियों को वितरण के लिए लगभग 30 हजार क्विंटल चावल संग्रहित किया गया है। हाल ही में कुछ बोरो की स्थिति देखने पर चावल में फफूंद दिखाई देने और इल्लियों की मौजूदगी का दावा किया गया, जिससे चावल की गुणवत्ता पर प्रश्न उठे हैं।

इस संबंध में जिला खाद्य अधिकारी कीर्ति कौशिक ने ‘छत्तीसगढ़’  को बताया कि मामले को संज्ञान में लेते हुए वेयरहाउस प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि चावल में पाई गई अशुद्धियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं और प्रबंधन द्वारा चावल की सफाई की जा रही है।

जिला खाद्य अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत हितग्राहियों को केवल मानक गुणवत्ता का चावल ही वितरित किया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

फिलहाल, वेयरहाउस प्रबंधन द्वारा सुधारात्मक कार्रवाई की जा रही है और आगे की स्थिति पर प्रशासन की निगरानी बनी हुई है।


अन्य पोस्ट