दन्तेवाड़ा

मन्नत को नवजीवन, लौटी मुस्कान
26-Dec-2025 3:58 PM
मन्नत को नवजीवन, लौटी मुस्कान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 26 दिसंबर।दंतेवाड़ा के कतियाररास, वार्ड - 3 की नन्ही बच्ची मन्नत तर्मा के गंभीर हृदय रोग का प्रशासन के निर्देशन में रायपुर में उपचार कराया गया। जहां उसे हृदय रोग से मुक्ति मिली।

    बच्ची के बीमारी के तनाव से झेल चुकी देवी तर्मा इस संबंध बताती हंै कि दुर्भाग्य से नन्ही मन्नत जन्म से ही जन्मजात हृदय रोग से पीडि़त थी।  महज 1 वर्ष 3 माह की उम्र में ही मन्नत ने इस गंभीर बीमारी और पीड़ा का सामना किया। वह किसी भी परिवार के लिए अत्यंत कठिन परीक्षा थी। लेकिन शुरुआती दौर में हम माता-पिता इस बीमारी की पहचान नहीं सके।

बिगडऩे लगे हालात-विगत अगस्त से ही मन्नत की तबियत अचानक बिगडऩे लगी। उसे सांस लेने में तकलीफ होने के साथ-साथ वह बार-बार बीमार पडऩे लगी और इस तरह उसकी मासूम हंसी धीरे-धीरे दर्द में बदल रही थी। देवी तर्मा आगे बताती है कि यह समय उनके परिवार के लिए बेहद चिंता और भय से भरा था। इसी दौरान जिला चिकित्सालय में बच्ची के भर्ती के दौरान चिरायु टीम ‘ए’ ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए मन्नत की गंभीर स्थिति को पहचाना और तत्काल उपचार की प्रक्रिया शुरू की।

 हृदय ऑपरेशन से स्वस्थ-विगत 26 नवंबर को चिरायु टीम ‘ए’ के सहयोग से मन्नत को रायपुर ले जाया गया। 27 नवंबर को वेंकटेश हॉस्पिटल, रायपुर में उसे भर्ती कराया गया। इसके उपरांत विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में आवश्यक जांच एवं उपचार की प्रारंभिक प्रक्रिया प्रारंभ की गई। इस दौरान  28 नवंबर को मन्नत का सफल हृदय ऑपरेशन किया गया, जिसने उसके जीवन को नई दिशा दे दी। यह ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और मन्नत के लिए एक नया सवेरा लेकर आया।

 

जागी आशा की किरण

 समुचित देखभाल के बाद 2 दिसंबर को मन्नत को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। 10 दिसंबर को हुए फॉलोअप में डॉक्टरों ने उसकी सेहत में उल्लेखनीय सुधार पाया। आज मन्नत पूरी तरह स्वस्थ है और सामान्य बच्चों की तरह हँसती-खेलती नजर आती है। उसके चेहरे पर लौटी मुस्कान पूरे परिवार के लिए सबसे बड़ी खुशी है। मन्नत का यह संपूर्ण इलाज और हृदय ऑपरेशन राष्ट्रीय बाल सुरक्षा योजना के अंतर्गत नि:शुल्क किया गया। यह न केवल सरकारी योजनाओं की प्रभावशीलता को दर्शाता है, बल्कि यह भी प्रमाणित करता है कि सही समय पर सही सहायता मिलने से रोगों का उपचार संभव है।

 नन्ही मन्नत की कहानी समय पर पहचान, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, प्रशासनिक सहयोग और चिकित्सकीय विशेषज्ञता की शक्ति को उजागर करती है।


अन्य पोस्ट