दन्तेवाड़ा
बचेली, 24 दिसंबर। बचेली नगर में क्रिसमस पर्व को लेकर उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिल रहा है। प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव की तैयारियों के तहत नगर में कैरोल राउंड का आयोजन बड़े ही उल्लास और सामूहिक सहभागिता के साथ किया गया। इस दौरान ईसाई समाज के पुरुष, महिलाएं और बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में सज-धज कर घर-घर जाकर कॅरोल गीतों का गायन करते नजर आए।
कैरोल राउंड में शामिल लोगों ने प्रभु यीशु के जन्म से जुड़े संदेशों को मधुर गीतों के माध्यम से प्रस्तुत किया। इन गीतों में प्रेम, शांति, करुणा, भाईचारा और मानवता का संदेश निहित था। नगर के विभिन्न मोहल्लों में कैरोल गीतों की मधुर धुनों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और आनंदमय हो गया।
इस अवसर पर बच्चों ने विशेष रूप से सांता क्लॉज की वेशभूषा धारण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कैरोल राउंड के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का संदेश दिया।
कॅरोल राउंड का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके माध्यम से समाज में आपसी भाईचारा, शांति और सद्भाव का संदेश भी दिया गया। आयोजकों ने बताया कि क्रिसमस पर्व सभी धर्मों और समुदायों को जोडऩे वाला त्योहार है, जो मानवता, प्रेम और सेवा की भावना को मजबूत करता है। बचेली में क्रिसमस को लेकर चर्चों, घरों को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया है। आने वाले दिनों में विशेष प्रार्थना सभाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक आयोजन भी किए जाएंगे।


