दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 16 दिसम्बर। दंतेवाड़ा जिले के भांसी थाना अंतर्गत ग्राम गमावाड़ा में मंगलवार सुबह आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम किया। जिससे वाहनों की आवागमन प्रभावित हुई।
ट्रेलर की चपेट में स्थानीय ग्रामीण सोमवार शाम को आ गया था। जिससे वह घायल हो गया था। उसे बेहतर उपचार हेतु विशाखापट्टनम भेजा गया है।
ग्रामीणों द्वारा ट्रेलर चालक पर कड़ी कर्रवाई की मांग करते हुए घटनास्थल पर यातायात अवरुद्ध कर दिया। चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई। बचेली की ओर से वाहनों को परिवर्तित मार्ग से रवाना किया गया। वहीं दंतेवाड़ा से बचेली और किरंदुल जानें वाले वाहनों को परिवर्तित मार्ग से गंतव्य की ओर रवाना किया गया। जिससे वाहनों का जाम नहीं लग सका।
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि उक्त घटना सोमवार शाम की है। पुलिस द्वारा वाहन पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा घायल ग्रामीण को बेहतर उपचार हेतु विशाखापट्टनम भेजा गया है। दोपहर 2 से वाहनों का आवागमन सामान्य हो गया है।


