दन्तेवाड़ा
बचेली, 9 दिसंबर। दंतेवाड़ा जिले के सभी नगरीय निकायों में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जानवरों से होने वाले संक्रमणों की रोकथाम के उद्देश्य से आवारा कुत्तों का व्यापक एंटी-रेबीज वैक्सीनेशन अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में बचेली में नगरपालिका और पशु चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। नगरपालिका बचेली के विभिन्न वार्डों में घूम-घूमकर टीम द्वारा अब तक 65 कुत्तों का सफलतापूर्वक वैक्सीनेशन किया जा चुका है। प्रतिदिन 20-25 आवारा कुत्तों को पकडक़र उन्हें सुरक्षित तरीके से उन्हे एंटी रेबिज़ वैक्सीन लगाई जा रही है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद यह कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी पीटीएम कृष्णा राव ने बताया कि यह अभियान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कुत्तों से फैलने वाली घातक बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लगातार वैक्सीनेशन से शहर में एक सुरक्षित माहौल बनाया जा सकेगा। अभियान जारी रहेगा, ताकि अधिकतम संख्या में पशुओ का टीकाकरण हो सके।
यह पहल न केवल स्थानीय निवासियों को रेबीज जैसे घातक खतरे से बचाएगी, बल्कि पशुओं के कल्याण को भी बढ़ावा देगी। प्रशासन की यह सक्रिय पहल स्वस्थ और सुरक्षित बचेली के निर्माण की दिशा में एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करती है।


