दन्तेवाड़ा

बचेली शराब दुकान में डेढ़ करोड़ की हेराफेरी
03-Dec-2025 2:14 PM
बचेली शराब दुकान में डेढ़ करोड़ की हेराफेरी

आबकारी उपनिरीक्षक समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 3 दिसंबर।
कम्पोजिट विदेशी मदिरा दुकान बचेली में रुपये की बड़ी वित्तीय अनियमितता का मामला दर्ज किया गया है। दुकान में 1,52,47,774 रुपए की कथित गड़बड़ी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने दुकान के चार कर्मचारियों और आबकारी विभाग के एक उपनिरीक्षक को गिरफ्तार किया। बाद में सभी को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल दंतेवाड़ा भेजा गया।

जिला आबकारी अधिकारी सह जिला प्रबंधक, सीएसएमएल ने 26 नवंबर को बचेली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उनके अनुसार, 25 नवंबर को दुकान के आकस्मिक निरीक्षण में स्टॉक और कैश मिलान में अंतर पाया गया। इस पर अपराध दर्ज किया गया और जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।
पुलिस के अनुसार, उच्च अधिकारियों के निर्देश पर थाना बचेली के प्रभारी निरीक्षक मधुनाथ ध्रुव के नेतृत्व में एक टीम बनाकर जांच शुरू की गई।

आरोप- बिक्री राशि निजी खातों में जमा कराना
पुलिस की जांच के अनुसार, आरोपियों ने अप्रैल 2024 से शराब बिक्री की राशि को अपने क्यूआर कोड, फोनपे और गूगल पे माध्यम से निजी खातों में जमा कराया और स्टाफ पंजी में बढ़ी हुई प्रविष्टि की। पुलिस का आरोप है कि इसी तरीके से लगभग 1.52 करोड़ की राशि का दुरुपयोग किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में  दीपक यादव (हारमपारा गीदम),  के. चन्द्रशेखर ( कोटवारपारा किरंदुल),  देवेन्द्र पैकरा ( सिंचाई कॉलोनी गीदम),  अंकित तिवारी (लालबाग जगदलपुर),  आबकारी उपनिरीक्षक अजय शर्मा ( गोविंदपुर कांकेर) शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों से मोबाइल, लैपटॉप, बैंक पासबुक और 33,500 नकद जब्त किए गए हैं।
सभी आरोपियों को 28 और 29 नवंबर को गिरफ्तार कर कोर्ट से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया था। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद 1 दिसंबर को सभी को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, बचेली के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
 


अन्य पोस्ट