दन्तेवाड़ा

स्वास्थ्य सेवाओं में हो गुणवत्ता- आयुक्त
18-Nov-2025 10:52 PM
स्वास्थ्य सेवाओं में हो गुणवत्ता- आयुक्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 18 नवंबर। प्रभारी सचिव दंतेवाड़ा, सह आयुक्त स्वास्थ्य डॉ. प्रियंका शुक्ला नें कटेकल्याण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं, दवाओं, साफ-सफाई, स्टाफ की उपस्थिति तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।

डॉ. शुक्ला ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने, दवा वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य सेवाओं को समय पर तथा संवेदनशील तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रसूति सेवा, आपातकालीन चिकित्सा, ओपीडी संचालन, एनआरसी कक्ष की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

प्रभारी सचिव ने कहा कि ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों के प्रति व्यवहार को और अधिक संवेदनशील व सहयोगपूर्ण रखने को कहा।

बारसूर में विद्यालय का दौरा

इस दौरान प्रभारी सचिव डॉ. प्रियंका शुक्ला नें शासकीय कन्या माध्यमिक शाला, बारसूर का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का विस्तार से अवलोकन किया।

डॉ. शुक्ला ने किया बच्चों से सीधे संवाद करते हुए आयरन गोली वितरण की व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही छात्राओं से स्कूल हेल्थ एवं न्यूट्रिशन कार्यक्रम की स्थिति जानी। उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से आयरन की गोलियाँ मिलने की  जानकारी चाही इस पर छात्राओं ने बताया कि उन्हें गोलियाँ समय-समय पर दी जाती हैं। इसके बाद डॉ. शुक्ला ने छात्राओं से आयरन गोली के रंग के बारे में पूछा। 8वीं कक्षा की छात्राओं ने आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया कि गोली नीले (ब्लू) रंग की होती है।

इस दौरान सीएचएमओ डॉ अजय रामटेके प्रमुख रूप से मौजूद थे।


अन्य पोस्ट