दन्तेवाड़ा

कार्तिक पूर्णिमा पर विशेष पूजा-अर्चना
05-Nov-2025 10:02 PM
कार्तिक पूर्णिमा पर विशेष पूजा-अर्चना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 5 नवंबर। नगर के वार्ड क्रमांक 2 में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज सुबह से ही धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। महिलाओं ने परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार विशेष पूजा-अर्चना की और भगवान विष्णु एवं भगवान शिव की आराधना करते हुए परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की।

सुबह से ही वार्ड के मंदिरों और घरों में दीप प्रज्वलित किए गए। महिलाओं ने दीपदान किया और गंगा स्नान का प्रतीकात्मक विधान संपन्न किया। इस अवसर पर भजन-कीर्तन का आयोजन भी हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने मिलकर हरि नाम संकीर्तन गाया और वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएँ पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं। सभी ने भगवान के समक्ष दीप, फूल और तुलसी अर्पित करते हुए कार्तिक पूर्णिमा के महात्म्य का स्मरण किया।

कार्तिक पूर्णिमा का दिन अत्यंत शुभ माना जाता है। इस दिन किया गया स्नान, दान और पूजा कई गुना फल देता है। पूरे वार्ड में भक्ति और प्रकाश का सुंदर संगम देखने को मिला। इसके अलावा अन्य मंदिरों व घरों में विशेष पूजा की गई।

 


अन्य पोस्ट