दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 4 नवम्बर। दंतेवाड़ा में बस्तर ओलंपिक के विकासखंड स्तरीय आयोजन का क्रम जारी है। इसी कड़ी में कुआकोंडा विकासखंड के हितावर स्थित रेस्ट हाउस स्टेडियम में जोशो -खरोश के साथ खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। विधायक चैतराम अटामी ने फीता कटकर खेल स्पर्धाओं का आगाज किया। उन्होंने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि बस्तर की मिट्टी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यहां के बच्चे अनुशासित, परिश्रमी और जुझारू हैं। बस उन्हें मंच देने की जरूरत है। ऐसे आयोजन न केवल खिलाडिय़ों को अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि पूरे क्षेत्र की पहचान को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण होती है खेल भावना।
खिलाड़ी है जिले का गौरव
नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि बस्तर ओलंपिक जैसी प्रतियोगिताएं हमारे गांवों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का माध्यम बन रही हैं। खेल से व्यक्ति के अंदर आत्मविश्वास, अनुशासन और एकता की भावना विकसित होती है। जब हमारे युवा खेल के मैदान में उतरते हैं, तो वे न केवल अपनी शक्ति दिखाते हैं, बल्कि पूरे जिले का गौरव बढ़ाते हैं।
प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, खो-खो, दौड़, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, तीरंदाजी, गेंड़ी, फुगड़ी और रस्साकशी जैसे परंपरागत खेल प्रतियोगिताओं में खिलाडिय़ों ने जोर आजमाइश की।
इस दौरान खिलाडिय़ों ने अपने-अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। पुरुष एवं महिला वर्गों में खिलाडिय़ों ने बेहतरीन खेल कौशल से दर्शकों की तालियां बटोरी।
इस दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष सुकालू मुड़ामी, उपाध्यक्ष दीपिका भदौरिया, सतनेश सविता, भीमा कवासी, गोविंद तिवारी, सीईओ मुन्ना कश्यप बीईओ प्रमोद भदौरिया, और एबीईओ मनोज राठौर प्रमुख रूप से मौजूद थे। इस दौरान व्यायाम शिक्षकों, संकुल समन्वयको और सचिवों की सराहनीय भूमिका थी।


