दन्तेवाड़ा

धान को बारिश से बचाने जुटे किसान
30-Oct-2025 10:27 AM
धान को बारिश से बचाने जुटे किसान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 29 अक्टूबर। दंतेवाड़ा में चक्रवाती तूफान मोंथा के प्रभाव से अत्यधिक वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है। जिससे किसानों की मु्श्किलें बढ़ चुकी हैं।

उल्लेखनीय है कि किसान खेतों में कम अवधि के धान की कटाई में लगे हुए है। जिससे बारिश की वजह से धान को नुकसान से बचाया जा सके। बारिश की वजह से धान की खड़ी फसल को क्षति पहुंची है। अक्टूबर में लगातार हो रही बारिश ने धान को बड़ी क्षति पहुंचाई। जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया।

 विकासखंड दंतेवाड़ा अंतर्गत ग्राम मसेनार के किसान भीमाराम अतरा ने बताया कि इस वर्ष कम अवधि के धान की फसल कमजोर है। शुरुआती समय में बारिश में कमी की वजह से ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई। मसेनार जैविक ग्राम है। जहां सायनिक उर्वरकों का उपयोग नहीं किया जाता है। इस वजह से भी धान का उत्पादन तुलनात्मक दृष्टि से कम होता है।

खलिहानों में रखे धान की सुरक्षा

अनेक किसानों द्वारा धान की कटाई की जा चुकी है। वहीं कटे हुए धान को खलिहानों में एकत्र किया जा रहा है। किसानों द्वारा बारिश से धान को बचाने कटाई तेज कर दी गई है, वहीं कटे हुए धान को तत्काल खेत से हटाया जा रहा है। किसानों द्वारा तिरपाल के माध्यम से धान को सुरक्षित रखने की  मशक्कत की जा रही है।


अन्य पोस्ट