दन्तेवाड़ा

रंगारंग आतिशबाजी से मनाई दीपावली
23-Oct-2025 6:25 PM
रंगारंग आतिशबाजी से मनाई दीपावली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 23 अक्टूबर। दंतेवाड़ा में प्रकाश पर्व दीपावली उत्साह के साथ मनाई गई। इस दौरान सर्वत्र रोशनी से सराबोर रहा।

जिले के विभिन्न भागों में दीपावली सोमवार को मनाई गई। इस दौरान घरों की आकर्षक सजावट की गई थी। रंग बिरंगी झालरों से घर आंगन जगमगा रहे थे। वही दीपों की आकर्षक कतारें विशेष आभा बिखेर रही थी। वातावरण में चहुंओर प्रकाश नजर आ रहा था।

जिले के विभिन्न मंदिरों में भक्तों ने आराध्य देवी और देवताओं के समक्ष माथा टेका। बस्तर आराध्या दंतेश्वरी देवी के दरबार में बड़ी संख्या में दर्शनार्थी पहुंचे। इस अवसर पर दंतेश्वरी देवी का विशेष श्रृंगार किया गया था। देवी को विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए गए थे। इसी क्रम में जिले के शिवालयों में भी भक्तों का तांता लगा रहा। देर शाम तक मंदिरों में दर्शन का क्रम जारी रहा। शाम से ही आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया था। पटाखों के गूंज देर रात तक सुनाई देती रही। इसके फलस्वरुप आसमान रंगीन नजर आने लगा था। नागरिकों ने एक दूसरे को बधाई दी।


अन्य पोस्ट