दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 28 सितंबर। प्रदेश के विख्यात शक्तिपीठों में शामिल दंतेश्वरी दरबार में शारदीय नवरात्रि के उपलक्ष्य में रविवार को छठवें दिन मां दंतेश्वरी की कात्यायनी रूप में पूजा - अर्चना की गई। इस दौरान आराध्य देवी के दर्शन हेतु भक्तों का रेला लगा रहा।
दंतेश्वरी मंदिर में रविवार को षष्ठी और सप्तमी दोनों ही तिथियों की पूजा की गई। प्रात: काल को माता कात्यायनी की आराधना की गई। माता का विशेष श्रृंगार किया गया। देवी को विशेष भोग अर्पित किए गए। इसके उपरांत विशेष आरती भी की गई।
रिकॉर्ड भक्तों ने किए दर्शन
शासकीय अवकाश का दिन होने की वजहसे इस दिन दर्शनार्थियों की रिकॉर्ड भीड़ नजर आई। जय स्तंभ चौक से लेकर मंदिर परिसर तक श्रद्धालु कतार में खड़े होकर दंतेश्वरी दर्शन हेतु व्याकुल थे। मंदिर परिसर में सर्वत्र श्रद्धालुओं का सैलाब नजर आ रहा था। जिन्हें व्यवस्थित करने स्वयंसेवकों को मशक्कत करनी पड़ रही थी।
वाहन पार्किंग हाउसफुल
इस दिन वाहनों की पार्किंग हेतु निर्धारित किए गए स्थलों में स्थान शेष नहीं बचा था। जिससे यातायात कर्मियों को वाहन पार्किंग हेतु बालूद में स्थान निर्धारित करना पड़ा। मुख्य सडक़ पर भी वाहनों की आवाजाही अत्यंत धीमी गति से हो रही थी।
वाहनों को नियंत्रित करने में यातायात कर्मियों को भारी परेशानी हुई।


