दन्तेवाड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 1 सितंबर। दंतेवाड़ा में बाढ़ से प्रभावित नागरिकों से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने प्रभावित ग्रामीण के ध्वस्त मकानों का अवलोकन किया। प्रभावितों के राहत के लिए संचालित कार्यों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री श्री साय ने दंतेवाड़ा के चूड़ीटिकरा वार्ड में बने अस्थायी शिविर में पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों से सीधे बातचीत की। उन्होंने यहां लगाए गए स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण किया और मेडिकल टीम से दवाइयों की उपलब्धता, डॉक्टरों की तैनाती, मरीजों को दी जा रही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राहत शिविरों में पर्याप्त भोजन, स्वच्छ पेयजल और सुरक्षित आवास की व्यवस्था निरंतर बनाए रखने हेतु प्रशासन को विशेष रूप से निर्देशित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक परिवार तक समय पर सहायता पहुँचना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी स्तरों पर संवेदनशीलता और तत्परता आवश्यक है।
उन्होंने कलेक्टर कुणाल दुदावत से राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। कलेक्टर ने जिला प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा संचालित गहन राहत एवं पुनर्वास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को हर प्रकार की सहायता त्वरित उपलब्ध कराने की जानकारी दी। जिससे प्रभावितों को जीवन यापन में सुविधा मिल सके।
इस दौरान, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक चैतराम, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., डीआईजी कमलोचन कश्यप और पुलिस अधीक्षक गौरव राय मौजूद थे।