दन्तेवाड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 29 अगस्त। जिला प्रशासन द्वारा दंतेवाड़ा में तूफानी बारिश से पीडि़त नागरिकों हेतु पुनर्वास और राहत अभियान मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है। जिससे आपदा प्रभावित को दैनिक जीवन - यापन में सुविधा मिल सके। इसी क्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत के नेतृत्व में विधायक दंतेवाड़ा विधानसभा चैतराम अटामी द्वारा बाढ़ पीडि़तों को राशन सामग्रियां शुक्रवार को वितरित की गई।
नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत वार्ड - चार और पांच के प्रभावित नागरिकों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई। उपरोक्त सामग्रियों में विशेष रूप से खाद्य पदार्थ शामिल है। इनमें चावल, दाल, सोया बड़ी आदि सामग्रियां शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कंबल आदि वस्त्र भी दिया गया।
राहत अभियान के विषय में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जानकारी में बताया कि हमारे द्वारा पीडि़तों को आवश्यक सुविधाएं समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराई जा रही है। जिससे पीडि़तों को राहत मिल सके। राज्य शासन द्वारा चेक वितरण के संबंध में निर्देश मिलते ही उक्त कार्यवाही शुरु की जाएगी। कलेक्टर द्वारा वार्ड - चार में बाढ़ पीडि़त बुजुर्ग से आत्मीय संवाद किया जा गया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिक को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
बेहतर होगा पुनर्वास
इस अवसर पर विधायक दंतेवाड़ा चैतराम अटामी ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि बताया कि वार्ड - पांच के नागरिकों द्वारा अस्थाई तौर पर आश्रय स्थल की मांग की गई है। जिसे तत्काल पूर्ण किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि कामकाजी ग्रामीणों हेतु पॉलिथीन वितरित किए गए हैं। जिससे ग्रामीणों को खेती - किसानी में सुविधा मिल सके। वहीं रात्रि काल हेतु विशेष शिविरों में व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत नंदलाल मुडा़मी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम उपाध्यक्ष, नगर पालिका गुप्त कैलाश मिश्र, पार्षद ज्योति राव, संतोष गुप्ता, मुकेश शर्मा, राहुल असरानी, कार्यपालन अधिकारी, जयंत नाहटा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन प्रमुख रुप से मौजूद थे।