दन्तेवाड़ा

किसानों को मिले सुगंधित बीज
28-Jun-2025 10:16 PM
किसानों को मिले सुगंधित बीज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 28 जून। जिले में जैविक खेती को प्रोत्साहित करने एवं किसानों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के सहयोग से ‘‘जैविक सुगंधित बीज उत्पादन’’ कार्यक्रम अंतर्गत बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन आज जिला पंचायत सभागार में किया गया। इसका उद्देश्य जैविक खेती को बढ़ावा, सुगंधित धान की पारंपरिक किस्मों (जैसे जावाफूल, नीमफुल, लोकटीमाछी आदि) के उत्पादन को प्रोत्साहन, किसानों को जैविक बीज एवं तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम में कुल 100 किसानों को जैविक सुगंधित धान के बीज वितरण के साथ-साथ उन्हें जैविक बीज उत्पादन की तकनीकी जानकारी भी दी गई। साथ ही बीज उत्पादन के बाद प्रसंस्करण, मूल्यवर्धन एवं ब्रांडिंग (जैसे आदिम) पर भी मार्गदर्शन दिया गया।

 इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि जैविक खेती ही किसानों का भविष्य है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे रसायन मुक्त खेती की ओर बढ़ें और प्रदेश ही नहीं पूरे देश में हमारे जिले दंतेवाड़ा का नाम रौशन करे। इसके अलावा जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविंद कुंजाम ने जिले में जैविक खेती के महत्व के समझाते हुए किसानों को वैज्ञानिक विधि से खेती की सलाह दी।

साथ ही उप संचालक कृषि  सूरज पंसारी ने जैविक बीज उत्पादन की प्रक्रिया और लाभ एवं  भूम गादी संस्था से श्री आकाश बडावे ने ‘आदिम’ ब्रांड के तहत उत्पाद की पैकेजिंग, मार्केट लिंकेज और देश के 15 राज्यों में इसकी मांग पर प्रकाश डाला।


अन्य पोस्ट