दन्तेवाड़ा

छह महीने से बंद पड़ी है घड़ी चौक की घड़ी
24-May-2025 10:46 PM
छह महीने से बंद पड़ी है घड़ी चौक की घड़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

किरंदुल, 24 मई। औद्योगिक नगर किरंदुल के घड़ी चौक में लगी घड़ी बीते छह महीनों से बंद पड़ी है। इस घड़ी को पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष के कार्यकाल में शासकीय मद से 12 लाख रुपये से अधिक खर्च कर बनवाया गया था, जिसका उद्देश्य नगर की सुंदरता और पहचान को बढ़ाना था।

जानकारी के अनुसार, जब तक पूर्व अध्यक्ष पद पर थे, तब तक यह घड़ी लगातार 24 घंटे चालू रही। लेकिन उनके पद से हटते ही तकनीकी खराबी आने के बाद यह बंद हो गई, और तब से अब तक उसे सुधारने की कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वर्तमान में ऐसा प्रतीत होता है कि घड़ी चौक की इस घड़ी का कोई जिम्मेदार नहीं है। कई बार आम नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से इसकी मरम्मत की मांग की है। इस संबंध में समाचार पत्रों में कई बार खबरें प्रकाशित हुईं और यहां तक कि जनप्रतिनिधियों को व्हाट्सएप पर भी संदेश भेजे गए हैं, लेकिन अब तक किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया। नगरवासियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द घड़ी की मरम्मत करवाई जाए ताकि शहर की पहचान बनी रहे।


अन्य पोस्ट