उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित मंत्री अमरजीत भगत भी हारे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर 3 दिसंबर। सरगुजा में भाजपा की आंधी चली और इस आंधी में कांग्रेस जो पहले 14 से 14 सीटों में आई हुई थी, पूरी तरह से उड़ गई। यही नहीं सरगुजा के दो कद्दावर मंत्री उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव एवं मंत्री अमरजीत भगत भी हार गए। उपमुख्यमंत्री को भाजपा प्रत्याशी राजेश अग्रवाल ने हराया तो, वहीं मंत्री अमरजीत भगत को सेना से नौकरी छोडक़र चुनाव लडऩे आए रामकुमार टोप्पो ने शिकस्त दी है। सरगुजा जिला के लुण्ड्रा विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रबोध मिंज ने भी जीत हासिल की है।

बलरामपुर जिला के रामानुजगंज विधानसभा सीट से पूर्व राज्यसभा सांसद राम विचार नेताम एवं सामरी विधानसभा से पूर्व संसदीय सचिव सिद्धनाथ पैकरा की पत्नी उदेश्वरी पैकरा ने शानदार तरीके से जीत हासिल की।
सूरजपुर जिला में प्रेमनगर सीट से भाजपा प्रत्याशी भूलन सिंह मरावी, भटगांव से लक्ष्मी राजवाड़े और प्रतापपुर से शकुंतला पोर्ते ने जीत हासिल की है। तीनों ही सीटों पर भाजपा ने अच्छी खासी बढ़त के साथ जीत हासिल की है।

सरगुजा जिला के अंबिकापुर विधानसभा सीट की बात करें तो यहां मतगणना के साथ ही मुकाबले काफी निकट रहा, पहले दो राउंड में उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव ने बढ़त बनाई थी, लेकिन उसके बाद 12वें राउंड तक राजेश अग्रवाल ने लगभग 7 से 8 हजार के बीच बढ़त को मेंटेन रखा।

13वें से 21वें राउंड तक उपमुख्यमंत्री ने 8000 के अंतर को पाटते हुए 334 वोट से पीछे रह गए, जिसके कारण वह हार गए। उप मुख्यमंत्री के 334 वोट से पीछे रहने पर उनके एजेंटों ने डाक मत पत्र में गिनती को लेकर प्रश्नचिन्ह उठाते हुए डाक मतपत्र पत्र की रिकाउंटिंग करने आवेदन दिया है। डाक मतपत्र पत्र की रिकाउंटिंग के बाद हार का आंकड़ा 92 हो गया।
इसके बाद कांगे्रस के एजेंटों ने 54डी अधिनियम के तहत 5 ईवीएम मशीनों की रिकाउंटिंग के लिए आवेदन दिया। साढ़े 6 बजे समाचार लिखे जाने तक अंबिकापुर विधानसभा सीट में रिकाउंटिंग जारी था।

सीतापुर विधानसभा की बात करें तो यहां पहले राउंड से ही सेना के पूर्व जवान रामकुमार टोप्पो ने मंत्री अमरजीत भगत के विरुद्ध बढ़त बना ली थी और 19वें राउंड में 20978 वोट से मंत्री अमरजीत भगत को हरा दिया। कभी कांग्रेस का अभेद किला कहे जाने वाला यह हाई प्रोफाइल सीट को इस बार भाजपा ने सेना के जवान के माध्यम से भेद लिया है, इसके कारण मंत्री अमरजीत भगत के समर्थकों में काफी निराशा है।
लुण्ड्रा विधानसभा की बात करें तो यहां से भाजपा प्रत्याशी प्रबोध मिंज ने कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. प्रीतम राम के विरुद्ध पहले राउंड से ही बढ़त बनाते हुए आखिरी 18 राउंड में 23920 वोट से प्रीतम राम को हरा दिया। प्रबोध मिंज पूर्व में अंबिकापुर नगर निगम के में दो बार के महापौर रह चुके हैं और वह 2018 से ही लुण्ड्रा विधानसभा सीट से टिकट की मांग कर रहे थे, लेकिन पार्टी ने उन्हें किन्हीं कारणों से टिकट नहीं दिया था इसके बाद भी वह 2018 से लेकर अब तक मेहनत करते रहे। इसी का परिणाम है कि 2023 में उन्हें पार्टी टिकट दी और वह 23920 वोट से बड़ी जीत हासिल किए।

बलरामपुर जिला के हाई प्रोफाइल सीट रामानुजगंज विधानसभा में पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने कांग्रेस प्रत्याशी डॉ अजय तिर्की के विरुद्ध शुरू से ही बढ़त बनाते हुए आखिरी राउंड में 29740 वोट से हरा दिया। बड़ी मार्जिन के साथ नेताम के जीतने पर उनके कार्यकर्ताओं व समर्थकों में काफी हर्ष है और वह बलरामपुर जिला में जगह-जगह जश्न मना रहे थे।
सामरी विस सीट से भी पूर्व संसदीय सचिव की पत्नी उदेश्वरी पैकरा ने कांग्रेस प्रत्याशी विजय पैकरा को 13965 वोट से हराकर जीत हासिल की। इस सीट पर दो बार उनके पति सिद्धनाथ पैकरा हार चुके थे उसके बावजूद क्षेत्र में सक्रिय रहने व लोगों के बीच सघन जनसंपर्क के कारण पार्टी ने उनकी पत्नी उदेश्वरी पर विश्वास जताया और उन्हें टिकट दिया जिसके परिणाम स्वरूप उदेश्वरी ने अच्छे खासे मार्जिन के साथ जीत दर्ज की है।

सूरजपुर जिला के प्रेमनगर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी भूलन सिंह मरावी ने कांग्रेस प्रत्याशी खेल साय सिंह को 37000 से अधिक मतों से हरा दिया।भटगांव विधानसभा सीट से भाजपा की महिला प्रत्याशी लक्ष्मी राजवाड़े ने संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े को लगभग 40 हजार मतों से हराकर शानदार जीत दर्ज की, तो वहीं प्रतापपुर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी शकुंतला पोरते ने कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमारी शिव भजन मरावी को 6000 मतों से हरा दिया।
जशपुर जिला की बात कर तो यहां से पत्थलगांव विधानसभा सीट में भाजपा प्रत्याशी सांसद गोमती साय ने कांग्रेस के राम पुकार सिंह को मात्र 256 वोट से हराकर कांग्रेस का यह अभेद किला को भेद दिया है, तो वहीं कुनकुरी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विष्णु देव साय ने कांग्रेस के यूडी मिंज को 25787 बोट से हरा दिया। जशपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी राय मुनि भगत ने 17749 वोट से विनय भगत को हराकर शानदार जीत दर्ज की।

एमसीबी जिले की दोनों विधानसभा भरतपुर-सोनहत और मनेंद्रगढ़ में भी खिला कमल
विधानसभा आम निर्वाचन में एमसीबी जिले की दोनों विधानसभाओं भरतपुर-सोनहत व मनेंद्रगढ़ में बीजेपी को जीत मिली है। भरतपुर-सोनहत में भाजपा प्रत्याशी रेणुका सिंह 4 हजार 749 तथा विधानसभा क्षेत्र मनेंद्रगढ़ में श्याम बिहारी जायसवाल 11 हजार 880 मतों से विजयी हुए हैं। जीत दर्ज करने के उपरांत बीजेपी के दोनों नवनिर्वाचित विधायकों ने मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिले की दोनों विधानसभाओं में परिणामों पर नजर डालें तो विधानसभा भरतपुर-सोनहत में गुलाब कमरो (इंडियन नेशनल कांग्रेस) को 50 हजार 186, रेणुका सिंह सरूता (भारतीय जनता पार्टी) को 54 हजार 935, सुखमंती सिंह (जेसीसीजे) को 1 हजार 121, फूलमती गोंड (समाजवादी पार्टी) को 463, लल्ला बैगा (गण सुरक्षा पार्टी ) को 1263, श्याम सिंह मरकाम (गोंडवाना गणतंत्र पार्टी) को 33 हजार 840, संतोषी (छत्तीसगढिय़ा पार्टी) को 651, शीमला चेरवा (निर्दलीय) को 971, शुभ शरण सिंह (निर्दलीय) को 1 हजार 32 तथा नोटा में कुल 2 हजार 544 मत प्राप्त हुए। वही डाक मत पत्र के 42 मत निरस्त किए गए।
इसी प्रकार विधानसभा मनेंद्रगढ़ के प्रत्याशियों के परिणामों पर नजर डालें तो रमेश सिंह वकील (इंडियन नेशनल कांग्रेस) को 36 हजार 623, श्याम बिहारी जायसवाल (भारतीय जनता पार्टी) को 48 हजार 503, आदित्य राज डेविड (जेसीसीजे) को 1 हजार 519, अयोध्या प्रसाद (छत्तीसगढिय़ा पार्टी) को 564, अरूणा पनिका ( गण सुरक्षा पार्टी) को 342, ओम प्रकाश अहिरवार (पिप्पुल्स पार्टी ऑफ इण्डिया) को 253, महेश प्रसाद ( भारतीय शक्ति चेतना पार्टी) को 536, शेख स्माइल (गोंडवाना गणतंत्र पार्टी) को 10 हजार 411, सुनिता वर्मा (निर्दलीय) 595, नोटा को 1 हजार 303 मत प्राप्त हुए। वहीं डाक मत पत्र के 59 मत निरस्त किए गए एवं 676 डाक मत पत्रों की गणना की गई।