2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली थी 14 की 14 सीटें
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 2 दिसंबर। विधानसभा चुनाव 2023 के चुनावी महासंग्राम का फैसला रविवार को हो जाएगा। कौन सा प्रत्याशी जीतेगा और कौन सी सरकार 2023 में छत्तीसगढ़ की कमान संभालेगी, यह सब ईवीएम खुलने के साथ ही स्पष्ट होने लग जाएगा।
मतगणना को लेकर चुनाव आयोग से नियुक्त किए गए अधिकारी व कर्मचारी जहां पूरी तैयारियों में हैं, वहीं चुनाव में महासंग्राम कर चुके प्रत्याशी और उनके गणना अभिकर्ता भी पूरी तैयारी में हैं।
अविभाजित सरगुजा में 14 सीटें हैं, जहां 2018 में कांग्रेस पार्टी ने सभी 14 सीटें जीत दर्ज कर इतिहास रचा था, वहीं इस बार सरगुजा के 14 सीटों में भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला है। जो भी पार्टी सरगुजा में ज्यादा सीट हासिल करेगी, वह 2023 की सरकार बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सरगुजा जिला के अंबिकापुर विधानसभा की बात करें तो यहां मुख्य रूप से कांग्रेस पार्टी की ओर से उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव मैदान में हैं, उनके सामने राजेश अग्रवाल जो पहले कांग्रेस में ही थे, 2018 में भाजपा में शामिल होकर 2023 के विधानसभा चुनाव में सिंहदेव से मुकाबला कर रहे हैं।
अंबिकापुर के कई बुद्धिजीवी लोगों का मानना है कि इस बार भाजपा प्रत्याशी राजेश अग्रवाल थोड़ी बहुत चुनौती मंत्री सिंहदेव को दे पाएंगे, वहीं कुछ लोगों का मानना है कि सिंहदेव कम से कम 10 से 15 हजार मतों से विजयी होंगे। 2008 से लगातार टीएस सिंहदेव अंबिकापुर विधानसभा सीट जीतते आए हैं।
सरगुजा जिला के सीतापुर विधानसभा सीट जो आजादी के बाद से अब तक कांग्रेस का अभेद किला रहा है, जिसे भाजपा आज तक नहीं भेद पाया है। यहां से कांग्रेस प्रत्याशी व मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले मंत्री अमरजीत भगत है, जो कि लगातार इस सीट से पांचवीं बार चुनाव लड़ रहे हैं। अब तक वह इस सीट से जीतते आए हैं। इस बार भाजपा संगठन ने सेना के पूर्व जवान राम कुमार टोप्पो को उनके सामने उतारा है। वहां के स्थानीय लोगों और बुद्धिजीवी वर्गों का मानना है कि इस सीट में इस बार कांटे की मुकाबला है जीत का अंतर दोनों में से 5 से 10 हजार का ही रहने वाला है।
लुंड्रा विधानसभा सीट में भी मुकाबला बराबर का बताया जा रहा है। यहां कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी डॉ. प्रीतम राम है, उनके सामने भाजपा प्रत्याशी प्रबोध मिंज हैं, जो कड़ी टक्कर दे सकते हैं। यहां भी जीत का अंतर 5 से 10 के बीच ही बताया जा रहा है।
बलरामपुर जिला के सामरी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी उद्धेश्वरी पैकरा एवं कांग्रेस प्रत्याशी विजय पैकरा के बीच भी मुकाबला बराबर का बताया जा रहा है।
रामानुजगंज विधानसभा सीट की बात करें तो यहां भाजपा की ओर से प्रत्याशी रामविचार नेताम है, उनके सामने कांग्रेस के प्रत्याशी डॉ. अजय तिर्की मैदान में है, जो कि वर्तमान में अंबिकापुर नगर निगम में महापौर भी है। सिटिंग एमएलए बृहस्पति सिंह की टिकट काटकर कांग्रेस ने यहां डॉ. अजय तिर्की को मैदान में उतार कर सबको चौंका दिया था।
चूंकि अजय तिर्की 18 वर्ष तक इस क्षेत्र में अपनी सेवा दे चुके हैं एवं लोगों के बीच उनका काफी जुड़ाव है, इसलिए यहां मुकाबला काफी रोचक माना जा रहा है और जोरदार टक्कर होने की संभावना है।
इसी तरह सूरजपुर जिला के प्रेमनगर, भटगांव और प्रतापपुर और जशपुर एवं कोरिया के तीन-तीन सीटों पर भी भाजपा कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच कड़ी टक्कर है।
रविवार की दोपहर 1 बजे तक सरगुजा के इन 14 सीटों पर किस प्रत्याशी को बढ़त मिलेगी, लगभग तय हो जाएगा। जो दल के प्रत्याशी यहां से सर्वाधिक सीट जीतकर आएंगे, वह छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकेंगे।