‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 21 मई। लखनपुर विकासखंड के ग्राम तुनगुरी यादवपारा के ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं के लिए आज भी तरस रहे हैं,जहां आज आजादी के 77 साल बीत जाने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं सडक़,पानी से वंचित हैं, वहीं स्कूल भवन भी टूटा हुआ है।
यहां पर प्राथमिक शाला भवन निर्माण तो हुआ था,जहां पर पहली से पांचवीं कक्षा तक के पचास बच्चे पढ़ाई करते थे, पर भवन जर्जर होने के कारण लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व शासन के निर्देश पर तोड़ दिया गया, पर अभी तक स्कूल भवन के निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ, जिससे आने वाले सत्र में बच्चे कहां पढ़ाई करेंगे, गांव वालों को चिंता सता रही है।

मुख्य बस्ती से यादवपारा को जोडऩे वाली सडक़ पर एक नदी बहती है, जिस पर पुलिया नहीं होने के कारण ग्रामीणों को काफी समस्या का सामना करना पड़ता है,जैसे कि उचित मूल्य दुकान मेन बस्ती में होने से राशन लाने में नदी पार करना पड़ता है और नदी इस पार आंगनबड़ी केंद्र होने से बच्चों, गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं को नदी पार कर केंद्र तक जाना पड़ता है, जिससे कभी भी अनहोनी होने का अंदेशा बना रहता है।
मोहल्ले में लगभग 200 से अधिक जनसंख्या के लोग निवास करते हैं, पर वहां पर सिर्फ एक हैंडपंप है, जिस पर पूरे ग्रामीण आश्रित हैं।

पीने के पानी की समस्या को दूर करने के लिए ग्राम में नल जल योजना से कार्य तो प्रारंभ हुआ है,साल भर पहले पर ठेकेदार और अधिकारियों की मनमाना रवाये के कारण अभी तक कार्य पूर्ण नहीं हुआ, जिससे ग्रामीणों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
इस तरह से देखा जाए तो आजादी के 77 साल बीत जाने के बाद भी लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है।
राजू यादव, रूपनारायण यादव, हरी नाथ यादव, देव नाथ यादव, देवदत यादव, बबलू यादव, मनोज यादव परंतु यादव,ओम प्रकाश राजवाड़े ने शासन प्रशासन से उनकी मूलभूत सुविधाओं को पूरा करने की मांग की हैं।