‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 जुलाई। राज्य में खरीफ फसलों की बुआई तेजी चल रही है। कृषि विभाग के अनुसार अब तक धान, अन्य अनाज के फसलों सहित दलहन-तिलहन, गन्ना की बुआई 23 लाख एक हजार 960 हेक्टेयर में हो चुकी है, जो कि चालू खरीफ सीजन के लिए निर्धारित बुआई के लक्ष्य का 47 प्रतिशत है। अब तक राज्य में 20 लाख 27 हजार 370 हेक्टेयर में धान, 96 हजार 600 हेक्टेयर में मक्का, 10 हजार 910 हेक्टेयर में कोदो, 2980 हेक्टेयर में कुटकी, 1110 हेक्टेयर में रागी, 48 हजर 730 हेक्टेयर में दलहन, 43 हजार 640 हेक्टेयर में तिलहन, 54 हजार 810 हेक्टेयर में अन्य फसलों तथा 12 हजार 480 हेक्टेयर में गन्ना की बुआई पूरी कर ली गई है।
राज्य में खरीफ सीजन 2024 में कुल 48 लाख 63 हजार हेक्टेयर में खरीफ फसलों की बुआई का लक्ष्य है। जिसमें 38 लाख 65 हजार 380 हेक्टेयर में धान की फसल ली जानी है। राज्य में लक्ष्य के विरूद्ध अब तक धान की बोता-बोनी 18 लाख 95 हजार 670 हेक्टेयर तथा धान का रोपा एक लाख 32 हजार हेक्टेयर में लगाया जा चुका है। धान की बोता और रोपा बोनी को मिलाकर कुल 20 लाख 27 हजार 670 हेक्टेयर में धान की बुआई हुई है जो कि धान बोनी के लक्ष्य का 52 प्रतिशत है।
7.85 लाख 813 क्विंटल बीज वितरित
अब तक किसानों को विभिन्न खरीफ फसलों के 7 लाख 85 हजार 813 क्विंटल प्रमाणित बीज प्रदाय किए जा चुके है, जो कि राज्य में बीज की मांग का 80 प्रतिशत है। गौरतलब है कि राज्य में खरीफ की विभिन्न फसलों के बीज की कुल मांग 9 लाख 78 हजार 191 क्विंटल है। इसके विरूद्ध 9 लाख 3 हजार 670 क्विंटल प्रमाणित बीज भण्डारण किया जा चुका है, जो कि बीज मांग का 92 प्रतिशत है। किसानों को अब तक 7 लाख 85 हजार 813 क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किया गया है।
किसानों को 4965.70 करोड़ का ऋ ण
किसानों को 7300 करोड़ के लक्ष्य के विरूद्ध अब तक 4965 करोड़ 70 लाख रूपए का ऋण प्रदाय किया जा चुका है, जो कि लक्ष्य का 68 प्रतिशत है। गत वर्ष इसी अवधि में राज्य के किसानों को 4 762 करोड़ रूपए का ऋण प्रदाय किया गया था। वर्ष 2023 में किसानों को 7040 करोड़ 7 कला रूपए का कृषि ऋण दिया गया था।
8.62 लाख टन उर्वरक वितरित
किसानों को 8 लाख 61 हजार 606 टन उर्वरक का वितरण किया जा चुका हैं, जिसमें 4 लाख 10 हजार 199 टन यूरिया, 2 लाख 5 हजार 397 टन डीएपी, 98 हजार 329 टन एनपीके, 39 हजार 40 टन पोटाश तथा एक लाख 8 हजार 662 टन सुपर फास्फेट शामिल है। किसानों को लक्ष्य के विरूद्ध अब तक कुल 63 फीसदी उर्वरकों का वितरण हो चुका है। चालू खरीफ सीजन के लिए किसानों को 13 लाख 68 हजार टन खाद वितरण का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके विरूद्ध अब तक 12 लाख 79 हजार 915 टन का भण्डारण करा लिया गया है। सहकारिता एवं निजी क्षेत्र में अभी भी 4 लाख 18 हजार 308 टन रासायनिक उर्वरक किसानों के लिए उपलब्ध है।
अमानक खाद-बीज के लाट विक्रय पर प्रतिबंध
खरीफ सीजन 2024 में अब तक राज्य में बीज के 71 नमूने तथा रासायनिक उर्वरक के 18 नमूने तथा पौध संरक्षण औषधियों के 19 नमूने जांच में अमानक पाए गए हैं, जिनके लाट के विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाने के साथ ही संबंधित फर्मों को कृषि विभाग ने नोटिस जारी किया गया है। अब तक बीज के 4631 नमूनों के परीक्षण में 4119 नमूने मानक, 71 अमानक हैं, जबकि 441 नमूने अभी परीक्षण की प्रक्रिया में हैं। इसी तरह से उर्वरक के 2638 नमूनों में से 896 मानक 18 नमूने अमानक हैं। 1664 नमूने अभी जांच की प्रक्रिया में हैं, जबकि 60 नमूने निरस्त कर दिए गए हैं। कीटनाशक औषधियों के कुल 286 सेम्पल विभिन्न फर्मों से लिए हैं, जिसमें से 167 सैम्पल मानक, 3 अमानक 86 सैंपल अभी जांच जारी जबकि 14 सैंपल कतिपय कारणों से निरस्त हुए हैं।