दो साल पूरे होने पर प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का माना आभार, चिट्ठी लिखी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 जून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने अध्यक्ष के रूप में दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर कार्यकर्ताओं को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया है, और भरोसा दिलाया है कि जहां, जब, जिस समय आपका आदेश होगा, सडक़ से लेकर जंगल तक वे साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस के बड़े नेताओं के मार्गदर्शन, और नेतृत्व में प्रदेश में फिर से 2023 में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने के संकल्प को दोहराया।
उन्होंने कहा कि आज मैं यह पत्र लिखते हुए भावुक भी हूं क्योंकि मेरे लिए कोंडागांव से रायपुर जाना घर से बाहर जाने जैसा हुआ करता था लेकिन आज मैं पूरे प्रदेश में जहां भी रहता हूं, मुझे हर गांव, हर कस्बा, हर शहर अपना घर लगता है। घर से बाहर जाने जैसी कोई परिस्थिति अब मेरे जीवन का हिस्सा ही नहीं है।
मरकाम ने कहा कि मुझे कोंडागांव से रायपुर की यात्रा में पडऩे वाली केशकाल घाटी के हर मोड़ पर जितना याद है उतना ही मुझे अपने ब्लॉक और जिला का कार्यकर्ता भी याद है, क्योंकि सबने मुझे अपने परिवार का हिस्सा बना लिया है। ऐसे समय में जब राज्य में आप सत्ता पक्ष हों तो संगठन के मुखिया का दायित्व निभाना और ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है।
उन्होंने कहा कि सरकार से कार्यकर्ताओं की अपेक्षाएं और सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण जवाबदेही में सामंजस्य बैठाना सचमुच चुनौती पूर्ण था। लेकिन यह आप सबकी राजनीतिक परिपक्वता और पार्टी के प्रति समर्पण ही है जिसने मुझे इस कार्य में बहुत ज्यादा कठिनाई का अनुभव न होने दिया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने नवा छत्तीसगढ़ का संकल्प लेकर कांग्रेस विजय की जो आधारशिला प्रदेश में रखी थी, उसको उत्तरोत्तर मजबूती देना मेरे लिए चुनौती भी थी और दायित्व भी। मुझे कहते हुए गर्व है कि आप सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत, साथ और आत्मबल से सबसे पहले दंतेवाड़ा विधानसभा उपचुनाव, फिर चित्रकोट विधानसभा उपचुनाव, नगरीय निकाय चुनाव, पंचायत चुनाव, राज्यसभा चुनाव और फिर ऐतिहासिक मरवाही उपचुनाव को हमने अब तक के सबसे बड़े अंतर से प्रचंड जीत दर्ज की।
उन्होंने यह भी कहा कि उनके कार्यकाल में हुए तीनों उपचुनाव, सभी 10 नगर निगमों में कांग्रेस महापौर, 20 जिला पंचायत अध्यक्ष एवं एक राज्यसभा सीट पर निर्विरोध कांग्रेस प्रत्याशी की जीत ने अब तक की यात्रा को आपके सबके सहयोग से सफल बनाया है।
मरकाम ने कहा कि कोविड प्रबंधन के लिए जब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री सहायता कोष में मदद हेतु अनुरोध किया, तब मेरे एक निवेदन पर आप सभी ने दिल खोलकर अपनी सामर्थ्य अनुसार मुख्यमंत्री सहायता कोष में जो दान दिया वह जीवन दान था, इसके लिए वे सभी कार्यकर्ताओं के आभारी हैं।
उन्होंने कहा कि मुझे वो दिन भी याद है जब कोरोना की दूसरी लहर के प्रकोप ने छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश को इतनी तेजी से जकड़ा कि हमारी स्वास्थ्य सुविधाओं की क्षमता जवाब देने लगी, तब मेरे एक प्रस्ताव पर सभी जिलाध्यक्षों ने एक स्वर में कहा कि हम जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालयों को कोविड सेंटर बनाने के लिए तैयार हैं। आप सबके इस समर्पण और त्याग में कांग्रेस की वही बलिदान से परिपूर्ण विचारधारा परिलक्षित होती है।
इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस सरकार की महत्वपूर्ण योजना नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी के लिए गौठान स्तर पर निगरानी हेतु संगठन की समितियां बनाना हो या फिर गोधन न्याय योजना, धान खरीदी जैसी योजनाओं की निगरानी, क्रियान्वयन और उनके प्रचार-प्रसार का कार्य हो, आप सभी ने सभी मोर्चों पर महती भूमिका निभाई है।
देश के मुख्य विपक्षी दल होने के नाते अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा जब-जब आव्हान हुआ, हमने राष्ट्रीय विपक्ष की भूमिका निभाते हुए सडक़ से लेकर राजभवन तक की लड़ाई लड़ी है।
उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में राजीव भवन, रायपुर में हुए प्रशिक्षण में आपकी ऊर्जा और संकल्प शक्ति को देखकर मुझे यह अहसास है कि आपने मिशन 2023 की दिशा में संगठन के निर्देशानुसार अपनी कार्ययोजना तैयार कर उसे सार्थक रूप देने का सिलसिला शुरू कर दिया है। यह चुनाव छत्तीसगढ़ के अभिमान और स्वाभिमान को जीवित रखने का चुनाव होगा। यह चुनाव सिर्फ कांग्रेस का कार्यकर्ता नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ की आम जनता इस चुनाव को लड़ेगी। डेढ़ दशकों बाद छत्तीसगढ़वासियों को अपनी सरकार होने का जो अहसास हुआ है, यह चुनाव उस अहसास को बरकरार रखने का चुनाव होगा।