रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 जून। पं.जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर के मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन और जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में चिकित्सक दिवस के अवसर पर गुरुवार 1 जुलाई को ऐतिहासिक वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें महाविद्यालय के चिकित्सा शिक्षक, कनिष्ठ चिकित्सक, कर्मचारीगण एवं स्नातक छात्र-छात्रायें रक्तदान करेंगे। लगभग 125 से 150 रक्त यूनिट संग्रहण होने की संभावना और आशा है।
चिकित्सा शिक्षक संघ के अध्यक्ष एवं पैथालॉजी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. अरविन्द नेरल अपनी जिंदगी का 116वां रक्तदान करेंगे। चिकित्सकों में इस पुनीत सेवा कार्य के लिए बहुत उत्साह देखा जा रहा है। चिकित्सकों द्वारा सामाजिक सरोकार के इस सार्थक प्रयास से न सिर्फ रक्त के आवश्यकता की पूर्ति होगी, बल्कि समाज के संभावित युवा रक्तदाताओं के लिये प्रोत्साहन और प्रेरणा का माध्यम बनेगी। रक्तदान पश्चात् सभी रक्तदाता महाविद्यालय भवन के सामने 02:00 बजे ग्रुप फोटो के लिये एकत्रित होंगे। चिकित्सक दिवस के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में एक स्थान पर वृक्षारोपण भी किया जाएगा, जिससे परिसर में हरियाली और सौंदर्यीकरण होगा।
डॉ. अरविन्द नेरल ने एक प्रेस-विज्ञप्ति में जानकारी दी कि रविवार 4 जुलाई को चिकित्सक सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें महाविद्यालय के उन वरिष्ठ एवं कनिष्ठ चिकित्सकों का सम्मान किया जाएगा जिन्होंने कोविड-19 वैश्विक महामारी की बहुत विषम परिस्थितियों में भी उत्साह, लगन और साहस के साथ अपने चिकित्सकीय कर्तव्यों का निर्वहन किया।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव जी होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रमुख सचिव स्वास्थ्य डॉ. आलोक शुक्ला, सचिव श्रीमती शहला निगार, संचालक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आर.के. सिंह, अधिष्ठाता डॉ. विष्णु दत्त और अस्पताल अधीक्षक डॉ. विनीत जैन उपस्थित रहेंगे।
यह कार्यक्रम महाविद्यालय परिसर में निर्मित नवीन सभागार में प्रात: 11:00 बजे से होगा। चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर के इतिहास में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर चिकित्सकों का सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन में एसोसिएशन के डॉ. ओंकार खंडवाल, डॉ. जया लालवानी, डॉ. देवप्रिया लकड़ा, डॉ. निर्मल वर्मा, डॉ. आर.एल. खरे, डॉ. देबाप्रिय रथ, डॉ. दिवाकर धुरंधर और अन्य सदस्य सक्रिय योगदान कर रहें हैं।
(डॉ. अरविन्द नेरल)
प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष पैथालॉजी अध्यक्ष, मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन
पं. ज.ने.स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय
रायपुर (छ0ग0)
मोबाईल नं. - 98930-98540