रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 जून। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने मंगलवार को ढाई साल में अपने विभागों की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 11 लाख नवीन राशन कार्ड जारी किए गए। ताकि हर परिवार को खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
श्री भगत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने खाद्य विभाग के साथ-साथ संस्कृति एवं पुरात्व विभाग में ढाई साल की गतिविधियों का ब्यौरा दिया। उन्होंने खाद्य विभाग का जिक्र करते हुए सरकार ने जनघोषणा पत्र के वादे को पूरा करने की दिशा में कदम उठाया है, और सभी जरूरतमंद को हर महीने 35 किलो चावल देने की घोषणा की गई है। ताकि सभी निवासियों को खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
खाद्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 68 लाख राशन कार्ड प्रचलित हैं। सरकार राज्य की 98 फीसदी आबादी को खाद्य सुरक्षा उपलब्ध करा रही है। इस दौरान पिछले ढाई साल में 11 लाख नवीन राशन कार्ड जारी किए गए, और करीब साढ़े 4 लाख नवीन सदस्यों को वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान की कस्टम मिलिंग की गई है।
श्री भगत ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लॉकडाउन के दौरान खाद्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए विभाग द्वारा कई ठोस कदम उठाए गए हैं। इसी कड़ी में नवीन राशन कार्ड जारी करने के अलावा गरम और सूखा राशन, पंचायतों में चावल की व्यवस्था, राशन कार्ड विहीन परिवार को खाद्यान्न वितरण किया गया।
श्री भगत ने वेयर हाऊसिंग कार्पोरेशन की गतिविधियों का जिक्र किया, और बताया कि 24 शाखाओं में गोदाम निर्माण हो रहा है। नवा रायपुर में अत्याधुनिक फूड टेस्टिंग लेबोट्री की स्थापना की जा रही है। उन्होंने संस्कृति और पुरातत्व की गतिविधियों का ब्यौरा दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में फिल्म निर्माण व विपणन के लिए फिल्म विकास नीति का प्रारूप तैयार किया गया है।