महासमुन्द

मोनिता निषाद को समाज से मिली प्रोत्साहन राशि
14-Mar-2026 4:45 PM
मोनिता निषाद को समाज से मिली प्रोत्साहन राशि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,14 मार्च। महासमुंद जिले के सरायपाली में आयोजित निषाद केवट समाज की महत्वपूर्ण महासभा में शिक्षा, संगठन और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में समाज के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि समाज की प्रगति का मुख्य आधार शिक्षा है और इसके लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। महासभा में 3.0 छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय निषाद केवट समाज छात्रवृत्ति परीक्षा-2026 के संबंध में विस्तार से जानकारी साझा की गई। प्रदेश संगठन सचिव नंद कुमार निषाद और पूर्व प्रदेश संगठन सचिव जानकी निषाद ने सामाजिक जनों को संबोधित करते हुए कहा कि इस परीक्षा का उद्देश्य समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को आर्थिक संबल प्रदान करना है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अधिक से अधिक संख्या में इस परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। समाज की एकता और संवेदनशीलता का उदाहरण पेश करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही समाज की होनहार बेटी मोनिता निषाद को 15 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। यह सहयोग राशि तीन स्तरों पर एकत्रित की गई। इसमें क्षेत्र समिति ने 5 हजार, ब्लॉक समिति ने 5 हजार, जिला समिति ने 5 हजार कुल 15 हजार रुपए की यह राशि सामाजिक पदाधिकारियों के हाथों मोनिता के दादाजी को सौंपी गई, ताकि बिटिया के भविष्य की राह आसान हो सके।

इस महासभा में जिले के 11 परिक्षेत्रों और ब्लॉकों के अध्यक्षों सहित भारी संख्या में सामाजिक नागरिक उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष रूपधर निषाद, क्षेत्र अध्यक्ष संतोष सोनवर्षा, ब्लॉक अध्यक्ष मनीराम निषाद, जिला कोषाध्यक्ष शत्रुघन निषाद, पिंगला निषाद, सावित्री निषाद और बाबूलाल निषाद सहित अन्य शामिल हैं। कार्यक्रम में भंवरपुर, उड़ेला,तरकेला, पथरला, केना, साजापाली, छुईपाली, लंबर, मोहदा, डुडुमचुंवा और बिरकोल जैसे विभिन्न क्षेत्रों के अध्यक्षों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई।


अन्य पोस्ट