महासमुन्द

बोल री कठपुतली: अब पढ़ाई होगी और भी मजेदार-शिक्षकों ने सीखे नवाचारी गुर
14-Mar-2026 4:46 PM
बोल री कठपुतली: अब पढ़ाई होगी और भी मजेदार-शिक्षकों ने सीखे नवाचारी गुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,14 मार्च। डाइट में अब छात्र अध्यापकों को कठपुतली कला से पढ़ाई का गुर बताया जा रहा है। इस तरह संभावना है कि पढ़ाई अब और भी मजेदार होगी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाइट के प्राचार्य अरुण प्रधान ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का हवाला देते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति अनुभव और कला-आधारित शिक्षा पर बल देती है।

उनका कहना है कि कठपुतली कला बच्चों की कल्पनाशीलता और संचार कौशल को विकसित करने का एक बेहतरीन माध्यम है। प्रभारी व्याख्याता संतोष साहू और किरण कन्नौजे ने कठपुतली को बच्चों के आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता बढ़ाने के लिए जरूरी बताया। सभी ने इस विधा को सीखा और भविष्य में इसे अपनी कक्षाओं में लागू करने का संकल्प लिया।

इस मौके पर उप प्राचार्य उमा देवी शर्मा, के सिंह, दुर्गा सिन्हा, शोभा द्विवेदी और ईश्वर चन्द्राकर सहित अन्य मौजूद थे। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को कला-आधारित शिक्षण पद्धति से जोडक़र कक्षा के माहौल को अधिक रोचक और प्रभावी बनाना है। इसी उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाइट महासमुंद में शिक्षकों के लिए कठपुतली निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इससे छात्र बोझिल विषयों को भी खेल-खेल में समझ सकेंगे।

कार्यशाला में प्रशिक्षकों ने बताया कि कठपुतली केवल मनोरंजन का साधन नहीं है। बल्कि यह एक सशक्त टीचिंग-लर्निंग मटेरियल है। इसके माध्यम से भाषा, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे कठिन विषयों को कहानियों और संवादों के जरिए बच्चों तक आसानी से पहुंचाया जा सकता है। साथ ही इसके जरिए बच्चों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक मूल्यों के प्रति भी जागरूक किया जा सकता है।


अन्य पोस्ट