महासमुन्द

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कुष्ठ विकृति सुधार शल्यक्रिया शिविर
14-Mar-2026 4:56 PM
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में  कुष्ठ  विकृति सुधार शल्यक्रिया शिविर

10 मरीजों का नि:शुल्क ऑपरेशन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,14 मार्च। राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में कुष्ठ रोग से उत्पन्न शारीरिक विकृतियों के उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज अस्पताल महासमुंद में कुष्ठ विकृति सुधार शल्यक्रिया शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से चिन्हित मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण कर उनका नि:शुल्क ऑपरेशन किया गया।

भारत सरकार के प्रिंसिपल कंसल्टेंट डॉ. के. एम.कांबले रायपुर ने बताया कि कुष्ठ रोग से प्रभावित मरीजों में हाथ-पैर की विकृति, पंजों का मुडऩा (क्लॉ हैंड), आंखों का पूरी तरह बंद न होना (लैगोफ्थाल्मोस) तथा फुट ड्रॉप जैसी समस्याओं के उपचार के लिए यह विशेष शल्यक्रिया शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि शिविर में चिन्हित मरीजों में से 10 मरीजों का सफलतापूर्वक ऑपरेशन विशेषज्ञ सर्जनों की टीम द्वारा किया गया।

डॉ. कांबले ने जानकारी दी कि ऑपरेशन के पश्चात मरीजों को पुनर्वास सहायता के रूप में कुल 12 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि डायरेक्ट बेनिफिशियरी ट्रांसफर के माध्यम से तीन किस्तों में प्रदान की जाएगी। इसमें प्रथम किस्त 8 हजार, द्वितीय किस्त 2 हजार रुपए तथा तृतीय किस्त 2 हजार रुपए शामिल हंै। यह राशि ऑपरेशन के बाद मरीजों की देखभाल और पुनर्वास में सहयोग प्रदान करने के लिए दी जाती है।

उन्होंने बताया कि जिले में राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत कुष्ठ रोगियों की सक्रिय रूप से पहचान कर उन्हें नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति में कुष्ठ रोग के लक्षण दिखाई दें तो वे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच कराएं। कुष्ठ रोग का समय पर उपचार पूरी तरह संभव है और शासन द्वारा इसका नि:शुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाता है।


अन्य पोस्ट