महासमुन्द

ठेकेदार के टैंकर को अवैध रूप से पानी भरते हुए नपा उपाध्यक्ष ने पकड़ा
14-Mar-2026 4:55 PM
ठेकेदार के टैंकर को अवैध रूप से पानी भरते हुए नपा उपाध्यक्ष ने पकड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,14 मार्च। महासमुंद में नगरपालिका के सरकारी बोर से पानी की अवैध चोरी का एक मामला सामने आया है। नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने बीटीआई रोड पर नाली और सडक़ निर्माण कर रहे एक ठेकेदार के टैंकर को अवैध रूप से पानी भरते हुए पकड़ा है। आरोप है कि ठेकेदार बिना किसी अनुमति या रसीद के लाखों लीटर पानी ले जा रहा था।

देवीचंद राठी ने बताया कि उन्हें भलेसर रोड स्थित मुक्तिधाम के बोर से पानी चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर उन्होंने पार्षद पीयूष साहू के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। वहां लगभग 15 हजार लीटर क्षमता का एक टैंकर जिस पर बेमेतरा लिखा था,बिना किसी वैध अनुमति या रसीद के पानी भरते हुए पाया गया। टैंकर ड्राइवर ने पूछताछ में कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने से इनकार कर दिया। घटना के बाद देवीचंद राठी ने नगरपालिका के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया है।

उन्होंने बताया कि मौके से ही जल प्रभारी दुर्गेश कुंजेकर से फोन पर बात करने पर श्री कुंजेकर ने किसी भी रसीद के कटने की जानकारी होने से इनकार कर दिया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी अशोक सलामे ने भी इस मामले पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि जल प्रभारी एक ओर वार्डों में आम जनता के नल काटने की कार्रवाई करते हैं और शादी-दशगात्र जैसे कार्यक्रमों के लिए 500 रुपए की रसीद मांगते हैं।

उपाध्यक्ष राठी के अनुसार यह अवैध गतिविधि पिछले 4-5 महीनों से चल रही है। उन्होंने मांग की है कि सीएमओ तत्काल संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करें। मुख्य नगर पालिका अधिकारी अशोक सलामे का कहना है कि ठेकेदार ने गलत तो किया है। निर्माण के लिए पानी लेना था तो नगर पालिका से पहले परमिशन लेना था। लेकिन ऐसा नहीं किया गया। संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट