‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 जुलाई। गुरू पूर्णिमा के पावन अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ महासमुंद में प्रात: कालीन अखंड जप के साथ-साथ पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया। जिसमें लगभग 400 लोगों ने आहुति दी। यज्ञ पश्चात पर्व पूजन का क्रम युग संगीत के माध्यम से प्रारंभ हुआष कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में जागेश्वर सिन्हा बीआरसीसी आशा सिन्हा, मुकेश श्रीवास्तव,सीमा रानी प्रधान सहायक अध्यापक महाप्रभु वल्लभाचार्य शासकीय महाविद्यालय थे।
मुख्य अतिथि जागेश्वर सिन्हा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि अखंड ज्योति पत्रिका के पठन से जीवन में परिवर्तन आया है। गायत्री परिवार के उद्देश्य मनुष्य में देवत्व का उदय एवम धरती पर स्वर्ग का अवतरण को प्राप्त करने के लिए विचार क्रांति आवश्यक है जो कि गुरुदेव के विचारों से ही जनमानस का परिष्कार होगा और समाज में बदलाव होगा।
सीमा रानी प्रधान ने अपने अनुभव बताते हुए कहा कि अखंड ज्योति पत्रिका से उसके जीवन में आमूल चूल बदलाव आया है । दुनिया की सारी समस्याओं का समाधान पत्रिका में मिल जाता है। मुझे जब जब भी कोई परेशानी होती है तो मैं पत्रिका में समाधान खोज लेती हूं। अखंड ज्योति पत्रिका विज्ञान सम्मत है इसमें विविध विषय है जो एक शोधकर्ता के लिए बहुत ही उपयोगी साबित होता है।
संगठन प्रभारी एमएल साहू ने गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रीराम शर्मा आचार्य के जीवन वृतांत पर विस्तार से चर्चा की। पाठक सम्मेलन में चमन साहू, राजकुमार गुप्ता, इंदर सिंह ध्रुव,पूर्णिमा साहू, निशा चंद्राकर, सुखदेव साहू, ललित मेश्राम, बोधराम साहू, लोकेश सेन आदि ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में 12 एवं 13 नवंबर को आयोजित होने वाले क्रांति नारी जागरण शिविर के बारे में जानकारी दी गई तथा सशक्त नारियों को शिविर में भाग लेने के लिए आमंत्रण दिया गया। कार्यक्रम में देव संस्कृति विद्यालय के लगभग 35 बच्चों का विद्यारंभ संस्कार कराया गया साथ ही साथ एक मुंडनए 2 दीक्षा एवं पुंसवन संस्कार कराया गया।
मुख्य अतिथियों का मंत्र चादर एवम साहित्य भेंट कर अभिनंदन किया गया । अंत में गुरु पूर्णिमा से लेकर प्रारंभ होने वाले 40 दिवसीय अनुष्ठान में भाग लेने वाले साधकों एम एल साहू, भारत साहू, चंद्रकला साहू, धनेश्वरी वर्मा, सातु राम साहू, बोध राम साहू को संकल्प कराया गया। कार्यक्रम का संचालन युवा प्रकोष्ठ प्रभारी भारत साहू ने किया। अंत में शांति पाठ एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।