महासमुन्द
कंडक्टर मनमानी पर उतारू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 जुलाई। महासमुंद के चारों दिशाओं की सडक़ों पर दौडऩे वाली निजी कंपनी की बसों में यात्री किराया शासन द्वारा निर्धारित दर से दुगुनी ली जा रही है। आज सुबह जिले के महिला बाल विकास अधिकारी सुधाकर बोदले सरकारी काम से बसना जा रहे थे। श्री बोदले तुमगांव से बसना के लिए शताब्दी बस सारंगढ़ जाने वाली में बैठे। उनसे कंटडक्टर ने धौंस दिखाकर 130 रुपए किराया वसूली की, जबकि शासकीय दर 1.25 रुपए प्रति किलोमीटर है। इसका वीडियो और फोटो समेत प्रमाण सुधाकर बोदले ने मीडिया ग्रुप में जारी की है और बसों में ज्यादा किराया लेने की खबरें भी लगातार सरेआम हो रही हैं। इस तरह निजी बसों में मनमाने किराया वसूलने का क्रम जारी है।
इस प्रकार यात्री बसों में ज्यादा किराया लेकर नियम उल्लंघन की खबरे रोज ही मिल रही हैं। विभाग में इसकी शिकायतें भी हो रही हैं, लेकिन शिकायतकर्ताओं के आवेदन पर जिला प्रशासन के प्रभारी अधिकारी परिवहन, उडऩदस्ता आदि की ओर से कोई भी कार्रवाई नहीं की गई है। आज भी इसकी शिकायत सुधाकर बोदले से जिला परिवहन अधिकारी से की है।
इस तरह स्थानीय आरटीओ विभाग की लापरवाही के चलते आज भी यात्री बसों में मनमाना किराया वसूल किया जा रहा है। जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। दरअसल ग्रामीण क्षेत्रों से या अन्य जिले से आकर यात्रा करने वाले यात्री बस चालकों से विवाद नहीं करना चाहते। यदि किसी ने विवाद किया भी तो उन्हें धमकाकर कह दिया जाता है कि ज्यादा बात करोगे तो रास्ते में ही उतार देंगे। बस संचालक अपने फायदे के लिए निर्धारित किराया से ज्यादा किराया वसूलने के लिए सूची वाहनों के अंदर और चस्पा नहीं करते हैं। त्योहारों के सीजन में बस संचालक यात्रियों से मनचाहा किराया वसूलते हैं। अगर कोई यात्री ज्यादा किराया देने में आना कानी करता है तो उसे रास्ते में उतार दिया जाता है या फिर अभद्रता की जाती है।
मालूम हो कि जिला परिवहन विभाग ने एक आदेश बस संचालकों के लिए जारी किया था। इस आदेश में उल्लेख किया गया था कि यात्री वाहनों में चलने वाले विकलांगों से सिर्फ पचास प्रतिशत किराया लिया जाए। इस आदेश का पालन महासमुंद जिले में कभी नहीं हुआ। यात्री वाहनों की चैकिंग न होने से हाईवे सडक़ पर दौड़ रही प्राइवेट बसों के चालक परिचालक नियमों को अनदेखी कर रहे हैं। प्राईवेट बसों के कंडक्टर पूरी तरह अपनी मनमानी पर उतारू हैं।