महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 मार्च। बुधवार दोपहर अपने पांच लोगों की चिता एक साथ जलते देख गढफ़ुलझर रो पड़ा। कल बुधवार को दिन भर यहां एक भी घर में चूल्हा नहीं जला, वहीं आज गुरुवार को भी यहां मातम पसरा हुआ है। हर जगह लोग समूह में खड़े होकर बस इनकी ही बात कर रहे हैं।
ईंट भ_े के संबंध में बसना तहसीलदार रामप्रसाद बघेल एवं गढफ़ुलझर के सरपंच सुशीला मलिक ने बताया है कि ईंट बनाने के संबंध में कुंज बिहारी पांडे द्वारा किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गयी थी। खनिज अधिकारी ए.भार्गव ने दुर्घटना वाले ईंट भट्ठेे की पड़ताल की। श्री भार्गव ने बताया है कि यह ईंट भ_ा बिना किसी अनुमति के चल रहा था। भ_ा मालिक को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
गढफ़ुलझर बसना ब्लॉक का दूसरा सबसे बड़ा आबादी वाला गांव है। यहां की जनसंख्या 2526 है। इस गांव ने कल एक साथ अपने 5 साथियों की अर्थी उठते देखा। इस सामूहिक अंतिम संस्कार में पूरा गांव शामिल हुआ। मृतकों में पिता और उसके बड़े पुत्र की अर्थी एक साथ उठी। जबकि छोटा पुत्र का इस वक्त रायपुर अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि उसकी हालत अभी भी गंभीर है।
इस घटना में श्रमिक गंगाराम पिता जगतराम बीसी 55 साल, उनके बड़े पुत्र दयानिधि 30 साल, अरूण पिता रामसूरित बरिहा 25 साल, जनकराम बरिहा पिता त्रिलोचन 39 साल और सोनचंद पिता गोवर्धन भोई 29 वर्ष की मौत हो गई थी।
कल पोस्टमार्टम के बाद ट्रैक्टर में सभी 5 लोगों के शवों की सामूहिक अंतिम यात्रा निकाली गई। गढफ़ुलझर के गढ़ परिसर के समीप पिता-पुत्र गंगाराम बीसी एवं दयानिधि बीसी की चिता को भतीजे प्रदीप एवं मोक्ष ने मुखाग्नि दी। इसी प्रकार अरूण बरिहा की चिता को उसके भतीजा गर्व, जनकराम बरिहा की चिता को उसके पुत्र संजू, सूर्या, सरजू और सोनचंद भोई की चिता को पुत्र आयुष, भतीजे प्रीतम एवं शिवम ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान उपस्थित ग्रामीणों की चीखें दूर तक सुनाई दे रही थी। अंतिम यात्रा के दौरान सबसे बुरा हाल महिलाओं व बच्चों का था। महिलाओं को संभालना मुश्किल हो रहा था।
मृतक गंगाराम बीसी के परिवार में पत्नी के अलावा 2 बेेटे व एक बेटी थी। अब सिर्फ एक बेटा बच गया। वह भी गंभीर है। इसी प्रकार जनकराम बरिहा अपने परिवार का इकलौता बेटा था। माता-पिता का वर्षों पहले निधन हो गया। परिवार में अब पत्नी सहित 3 पुत्र और 1 पुत्री है। अरूण बरिहा पिता रामसूरित बरिहा उम्र 25 वर्ष के परिवार में 3 भाई और एक बहन थे। अरूण बरिहा सबसे छोटा था। पढ़ाई में बहुत तेज था। खाली समय में मजदूरी करता था। जबकि सोनचंद भोई पिता गोवर्धन भोई के परिवार मेंप त्नी के साथ 1 बेटा और एक बेटी बच गए हैं। ग्रामीण कहते हैं-मृतक सभी मजदूर बहुत मेहनती थे। ग्रुप बनाकर पिछले 5-6 सालों से ठेके पर ईंटें बनाते थे। प्रति एक हजार ईंट के उन्हें 300-350 रुपए मिलते थे। ईंट बनाने के बाद ये उसका भट्ठा बनाने और पकाने का काम भी करते थे।
सभी पांच शवों का पोस्टमार्टम करने वाले डा. दिनेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि सभी 5 मजदूरों की मौत धुएं से दम घुटने से हुई है। भट्ठे से निकला हुआ धुआं नशे के समान होता है और नींद को और भी गहरा बनाता हैं। उन्होंने बताया कि सभी मृतक 8 से 10 बजे के पूर्व खाना खा चुके थे। इस बात का खुलासा पोस्टमार्टम में हुआ है। सभी 6 मजदूरों के हाथ-पैर तथा शरीर में आग से झुलसने के निशान हैं।
इस घटना के बाद सीएम भूपेश बघेल ने दु:ख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि मंजूर की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को गंभीर रूप से घायल श्रमिक को बेहतर से बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये हैं। पता चला है कि वन विकास निगम के अध्यक्ष और बसना विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मृतकों के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की थी। कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर ने दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच अभी जारी है। मालूम हो कि बुधवर सुबह गांव के लोगों को घटना की जानकारी मिली। इस वक्त एक ग्रामीण ने भ_े से धुआं उठते देखा और भट्ठे के ऊपर सो रहे लोगों को जोर-जोर की आवाज लगाई। उसकी आवाज का कोई जवाब नहीं आया तो उसने गांव के लोगों को इसकी सूचना दी।
फिर तत्काल पुलिस का भी इसकी खबर दी गई और सूचना पाकर बसना टीआई कुमारी चंद्राकर अपनी टीम को लेकर मौके पर पहुंची। उन्होंने छहों श्रमिकों को अस्पताल रवाना किया। जहां चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक को गंभीर हालत में बसना अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर श्रमिक को रायपुर अस्पताल भेज दिया गया है।