‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 फरवरी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाइट महासमुंद में बसंत पंचमी के अलावा मातृ-पितृ दिवस पर रंगारंग कार्यक्रम हुआ। इस दिन डाइट के आंगन में पूरा एक भारत उतर आया था। भिन्न-भिन्न प्रांतों के परिधान में छात्राध्यापक पकवानों और गीत-संगीत के साथ अपनी संस्था का गौरव बढ़ा रहे थे। कार्यक्रम स्थल पर चारों तरफ महाराष्ट्र, पं. बंगाल, राजस्थान, तमिलनाडु, गुजरात, ओडि़शा, हरियाणा, छत्तीसगढ़, पंजाब एवं आंध्रप्रदेश राज्य के झूमर लटक रहे थे। स्टाल में दस प्रांतों में बनने वाले पकवानों की भीनी-भीनी खुशबू वातावरण को खुशनुमा बना रहा था।
प्राचार्य मीना पाणिग्राही, सहायक प्राध्यापक अरुण प्रधान,कला शिक्षा कार्यक्रम प्रभारी व्याख्याता संतोष साहू, सांस्कृतिक प्रभारी टेकराम सेन इस सृजन आनंद मेले में भावविभोर होकर प्रस्तुुतियों को शुरू से अंत तक निहारते रहे। इस अवसर पर प्राचार्य मीना पाणिग्रही ने हर्ष व्यक्त करते हुये कहा कि कला एवं संस्कृति के संवाहक के रूप में डाइट का महत्वपूर्ण योगदान होता है। छात्राध्यापकों द्वारा अलग-अलग राज्यों की वेशभूषा एवं स्वादिष्ट व्यंजनों के माध्यम से परिसर में अद्भुत छटा देकर उल्लेखनीय कार्य किया गया है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त मुख्य शाखा प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक लक्ष्मीकांत पाणिग्रही, सौम्यता, वि_ल पाराशर, उत्तरा विदानी प्रेस क्लब जिला अध्यक्ष उपस्थित थे। छात्राध्यापकों ने महाराष्ट्र, पं. बंगाल, राजस्थान, तमिलनाडु, गुजरात, ओडि़शा, हरियाणा, छत्तीसगढ़, पंजाब एवं आंध्रप्रदेश राज्य के आकर्षक परिधान एवं व्यंजनों के साथ मनभावन सामूहिक एवं एकल नृत्य की प्रस्तुति दी।
सामूहिक नृत्य में पश्चिम बंगाल समूह प्रथम, आंध्रप्रदेश द्वितीय एवं छत्तीसगढ़ ने तृतीय स्थान अर्जित किया।
इसी तरह एकल नृत्य में छत्तीसगढ़ प्रथम, ओडि़शा एवं पश्चिम बंगाल द्वितीय, गुजरात ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में वसंत पंचमी के अवसर पर सरस्वती पूजन एवं मातृपितृ दिवस पर लक्ष्मीकांत पाणिग्रही,राजेश चंद्राकर एवं संस्थान के सभी अकादमिक सदस्यों ने छात्राध्यापकों को मार्गदर्शन दिया। छात्रप्राध्यापकों के संयोजन को देखकर सभी ने प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि कला शिक्षा अंतर्गत यह कार्यक्रम अत्यंत प्रशंसनीय है। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ी संस्कृति, ओडिय़ा संस्कृति, पं.बंगाल एवं राजस्थानी संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्रीयन, बंगाली, राजस्थानी, तमिली, गुजराती, ओडि़शी, हरियाणवी,पंजाबी वेशभूषा में छत्तीसगढ़ी प्राध्यापकों को पहचान पाना मुश्किल था। छत्तीसगढ़ से चर्चा के दौरान सभी ने शिक्षक बनकर बच्चों के भविष्य संवारने की बात कही और कहा कि शिक्षा की बुनियाद बच्चों में मजबूत हो तभी मजबूत और विकसित भारत की कल्पना साकार होगी। भारत का हर कोना अद्वितीय है। हम सभी प्रांतों में घूमने नहीं जा सकते लेकिन सभी प्रांतों को अपने डाइट में बुला जरूर सकते हैं। इसी के खातिर हमने सोचा कि क्यों न हम सब मिलकर एक छोटा भारत बनाएं और उसे अपने आंगन में उतार दें।
स्वागत भाषण एवं प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुये व्याख्याता संतोष साहू ने कला शिक्षा संबंधी रुपरेखा पर चर्चा की। कार्यक्रम की सफलता में सहायक प्राध्यापक अरुण प्रधान, के. सिंग, राजेश चंद्राकर, उमादेवी शर्मा, संतोष साहू, टेकराम सेन, कमलेश पांडेय, सुमन दीवान, किरण कन्नौजे, तिलोत्तम प्रधान, दुर्गा सिन्हा, लक्ष्मी सिन्हा, ईश्वर चंद्राकर,सुनील साहू, योगेन्द्र पांडे, प्रदीप साहू, आकांक्षा साहू, राधा साहू, गरिमा सिंह राजपूत, मीना साहू, तरुण चंद्राकर,हीरामन, अजय, उदित, दिगम्बर सहित युवराज टंडन, मेघराज, भूमिका, अंजय, दीपेश, गीता, हर्षलता, गोविन्द, कविता, कमलेश, ममता ध्रुव, कुमकुम, नीलकंठ, मोनिका, प्रीति, पूजा, सीबा, संदेश, स्वाति, सूरज, वर्षा सहित समस्त छात्राध्यापकों का विशेष योगदान रहा। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक प्रभारी व्याख्याता टेकराम सेन ने किया।