महासमुन्द
जैतखाम की हलचल देखने दूर-दूर से लोग पहुंच रहे
श्वेत पालो चढ़े दोनों जैतखाम में नीचे से ऊपर तक रह-रहकर लहर सी उठती है.. और लोगों की भीड़ जय जयकार करने लगती है
छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 17 फरवरी। महासमुंद जिला मुख्यालय से करीब 17 किमी दूर ग्राम डूमरपाली में इन दिनों जोड़ा जैतखाम पर होने वाली हलचल लोगों के लिए कौतुहल का विषय है। श्वेत पालो चढ़े दोनों जैतखाम में नीचे से ऊपर तक रह-रहकर लहर सी उठती है और लोगों की भीड़ जय जयकार करने लगती है।
ग्रामीणों के अनुसार सांपों के दो तीन जोड़े ने जैतखाम पर करीब डेढ़ महीने से बसेरा कर रखा है। गांव वाले बताते हैं कि जैतखाम में रहने वाले नागों की संख्या करीब सात है। ये नाग जैतखाम से लिपटे हुए हैं तथा नीचे से ऊपर तक रेंगते रहते हैं। कई बार जैतखाम के शिखर तक भी पहुंच जाते हैं और ध्वज के समांतर आधे खड़े हो जाते हैं। कौतुहल और श्रद्धावश लोग यह देखने के लिए जमा रहते हैं। लोगों के जरिए ही यह बात धीरे-धीरे फैल रही है और अन्य गांवों से भी लोग यह देखने के लिए पहुंच रहे हैं। लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि नागों ने जैतखाम पर बसेरा क्यों कर रखा है? इसे लेकर व्यावहारिक और आध्यात्मिक दोनों तरह के तर्क दिए जा रहे हैं। अभी तक इन सांपों ने किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है और न ही इन सांपों को किसी ग्रामीण ने कोई नुकसान पहुंचाया है।
इस बात को अंधविश्वास भले ही माना जा रहा हो, लेकिन भक्त रामलाल कोसरिया कहते हैं कि नववर्ष की शुरुआत में आसमानी गर्जना के साथ जोड़ा जैतखाम के मध्य स्थित गुरु घासीदास बाबा के छोटे से मंदिर और चबूतरे से लेकर जोड़ा जैतखाम से तेज रोशनी प्रस्फुटित हो रही थी। मानो बिजली चमक रही हो। इसकी अगली सुबह 4 जनवरी को ये सर्प दोनों जैतखाम में दिखाई दिए।
उनका कहना है कि जैतखाम सतनाम पंथ का आध्यात्मिक प्रतीक है। यह सतनाम पंथ की कीर्ति पताका है। सतनाम पंथ के अनुयायियों की आस्था का स्थल है। ऐसे में लोगों की आस्था का छलकना स्वाभाविक है। लेकिन फिर भी सतपंथ की मूल भावना के अनुसार यहां इस घटना को चमत्कार बताकर किसी प्रकार का कर्मकांड नहीं किया जा रहा है। बल्कि यह घटना यहां आने वाले लोगों को गुरु घासीदास बाबा की अदृश्य सूक्ष्म उपस्थिति का एहसास करा रही है। लोग कह रहे हैं कि बाबा नागों के रूप स्वयं प्रकट होकर हमारा ध्यान आकर्षित कर रहे हैं और सत्य, अहिंसा, प्रेम, भाईचारा की भावना के साथ न्याय आधारित समतापूर्ण मानव समाज के निर्माण में योगदान के लिए प्रेरित रहे हैं।
भक्तों की भीड़
गांव वालों के साथ-साथ वहां पहुंचने वाले तमाम लोग सांपों और उनकी हलचल को देख रहे हैं। सांपों के चलने से जैतखाम के पालो में हलचल होती है। कई बार सांप जैतखाम के पालो के ऊपर तक पहुंच जाते हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि वहां कितने सांप हैं। कई लोग तो जैतखाम को छूकर भी देख रहे हैं। ऐसे में कोई भी अनहोनी की आशंका है। बाबा गुुरू घासीदाास के अनुयायी जैतखाम के नजदीक पहुंचकर जयकारे लगा रहे हैं। लेकिन कहीं से कोई भी जैतखाम को नहीं छूने, उसके नजदीक नहीं जाने को लेकर अलर्ट नहीं किया गया है।