महासमुन्द

नाबालिग से रेप, 20 साल कैद
16-Feb-2024 2:42 PM
नाबालिग से रेप, 20 साल कैद

महासमुंद,16 फरवरी। नाबालिग से रेप में दोष सिद्ध होने पर लैगिंक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 के विशेष न्यायाधीश योगिता विनय वासनिक ने दोषी को 20 वर्ष के सश्रम कारावास तथा 10 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड की राशि नहीं पटाने पर 6 माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। 

इसी तरह भादवि की धारा 506 भाग दो के तहत 1 वर्ष का कारावास और 1 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड की राशि नहीं पटाने पर एक माह का कारावास भुगतना होगा। शेष सजाएं साथ-साथ चलेगी। 

अभियोजन के अनुसार महिला ने महासमुंद थाना में शिकायत दर्ज कराई कि-मेरे पति का तीन साल पूर्व देहांत हो गया है। उसकी ओर से एक 15 वर्षीय पुत्री है। जन्म के बाद से ही वह पति से अलग रही है। शहबाज खान लगभग 8 साल पहले उसे प्रेम विवाह कर पत्नी बनाकर रखा है और शहबाज खान की ओर से एक पुत्री है। मई 2023 में उसकी पीडि़त पुत्री ने जानकारी दी कि आरोपी शहबाज खान उसे जबरदस्ती शराब पिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित किया है। जब हम रिपोर्ट करने आ रहे थे तो हमें डरा-धमकाकर घर से बाहर निकाल दिया। 

27 जुलाई 2023 को दोपहर में आरोपी ने पुन: मेरी पुत्री से शारीरिक संबंध बनाया। 1 मई 2023 से 27 जुलाई 2023 के बीच अनेक बार शारीरिक संबंध बनाया। पुलिस ने शिकायत के बाद विवेचना उपरांत मामला कोर्ट को सौंपा था। अभियोजन की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजन सलीम कुरैशी ने पैैरवी की। 


अन्य पोस्ट